देश की खबरें | पंजाब: पूर्व विधायक जीरा का दावा- ‘कुछ व्यक्तियों ने मेरे वाहन पर गोलीबारी की’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने मंगलवार को दावा किया कि सोमवार रात जब वह फिरोजपुर से जीरा शहर जा रहे थे तो शेर खान गांव के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं।
फिरोजपुर, चार फरवरी कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने मंगलवार को दावा किया कि सोमवार रात जब वह फिरोजपुर से जीरा शहर जा रहे थे तो शेर खान गांव के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं।
जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) अध्यक्ष जीरा ने कहा कि वह फिरोजपुर से वापस आ रहे थे।
जीरा ने दावा किया, "जब हमारी कार शेर खान गांव के पास पहुंची, तो मेरे वाहन चालक ने बताया कि एक कार लगातार हमारा पीछा कर रही है। हमने गांव के पास अपनी गाड़ी रोक दी और जो कार हमारा पीछा कर रही थी, वह भी हमारे ठीक पीछे रुक गई।"
उन्होंने कहा, ‘‘फिर, मैंने अपने वाहन चालक से कार को तेज गति से चलाने को कहा, लेकिन दूसरी गाड़ी लगातार हमारा पीछा कर रही थी और अचानक किसी ने मेरी कार को निशाना बनाते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। कुल मिलाकर मेरी कार पर छह गोलियां चलाई गईं।"
जीरा सीट से विधायक रह चुके जीरा ने कहा कि उन्होंने पीछा कर रही कार की सीसीटीवी फुटेज मुहैया कराई है। उन्होंने दावा किया, ‘‘मुझे पहले भी गैंगस्टर से धमकियां मिलती रही हैं।’’
पुलिस अधीक्षक रणधीर कुमार ने कहा कि पुलिस को आपातकालीन नंबर पर एक कॉल आई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस तथ्यों की पुष्टि कर रही है और मामले की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)