देश की खबरें | पंजाब: भूमि दुरूपयोग मामले में समन को लेकर कांग्रेस उम्मीदवार आशु ने ‘आप’ सरकार पर हमला बोला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु ने भूमि दुरुपयोग मामले में उन्हें समन भेजे जाने को लेकर शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर हमला बोला।
लुधियाना (पंजाब), सात जून लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु ने भूमि दुरुपयोग मामले में उन्हें समन भेजे जाने को लेकर शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर हमला बोला।
आशु ने कहा कि यदि सतर्कता ब्यूरो में उनका सचमुच में प्रभाव है तो भगवंत मान एक दिन भी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहने के हकदार नहीं हैं।
विधानसभा उपचुनाव में, कांग्रेस उम्मीदवार की यह टिप्पणी पंजाब सरकार द्वारा लुधियाना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) जगतप्रीत सिंह को निलंबित किए जाने के एक दिन बाद आई है।
राज्य के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने दावा किया था कि एसएसपी ने आशु को ‘‘फायदा’’ पहुंचाने के लिए समन जारी किया था।
‘आप’ के इस दावे पर टिप्पणी करने के लिए कहे जाने पर कि उन्होंने सहानुभूति हासिल करने के लिए एसएसपी से समन जारी करवाया था, आशु ने कहा, ‘‘अगर यह सच है, तो क्या आपको नहीं लगता कि भगवंत मान, जो गृह और सतर्कता विभाग के प्रमुख हैं, को ब्यूरो पर कोई नियंत्रण नहीं होने के कारण इस्तीफा दे देना चाहिए?’’
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव 19 जून को होगा और नतीजे 23 जून को आएंगे। जनवरी में ‘आप’ विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का निधन हो जाने के कारण यह सीट खाली हुई थी।
सौंद ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि आशु को भेजा गया सतर्कता नोटिस ‘‘कांग्रेस नेता द्वारा रची गई एक धोखेबाज़ी भरी चाल का हिस्सा था।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि जांच में पाया गया कि जिस सतर्कता एसएसपी ने समन जारी किया था, वह आशु के पूर्व सहपाठी और करीबी दोस्त हैं।
सतर्कता ब्यूरो ने बृहस्पतिवार को लुधियाना में स्कूल की जमीन के दुरुपयोग के एक मामले में आशु को तलब किया था, जिसमें धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जालसाजी से संबंधित आरोप हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)