पंजाब के मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन बढ़ाये जाने का समर्थन किया
जमात

चंडीगढ़, 11 मई पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाये गये लॉकडाउन को बढ़ाये जाने का सोमवार को समर्थन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कांफ्रेंस में सिंह ने कहा कि वायरस के मामलों में ‘वृद्धि’ के मद्देनजर लॉकडाउन को जारी रखे जाने की जरूरत है।

विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने कहा कि राज्यों को लघु स्तरीय योजना में अधिक अधिकार दिये जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि रेड, ओरेंज/येलो जोन बनाने का निर्णय राज्यों पर छोड़ा जाना चाहिए, जिनके पास जमीनी वास्तविकता के बारे में अधिक जानकारी होती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यों के वित्तीय तथा आर्थिक सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।

सिंह ने कहा कि रेड जोन में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को उचित सुरक्षा उपायों के साथ कामकाज की अनुमति दी जानी चाहिए।

उन्होंने राज्यों को तुरन्त वित्तीय मदद दिये जाने की भी मांग की ताकि उनकी कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिबद्धताएं पूरी की जा सके।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि पंजाब को हर महीने राजस्व में तीन हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।

उन्होंने पंजाब के जीएसटी बकाये के 4,365.37 करोड़ रुपये तत्काल जारी करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रभावी ढंग से कोरोना वायरस से मुकाबला कर रही है और राज्य में सफलतापूर्वक मृत्यु दर को कम किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)