देश की खबरें | पुणे: भोजनालय के मालिक ने की ‘मुफ्त सूप’ की पेशकश, कारोबारी प्रतिद्वंद्वी ने किया हमला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के पुणे शहर में अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए ‘मुफ्त सूप’ की पेशकश करने वाले एक भोजनालय के 27 वर्षीय मालिक पर उसके कारोबारी प्रतिद्वंद्वी ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
पुणे, नौ फरवरी महाराष्ट्र के पुणे शहर में अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए ‘मुफ्त सूप’ की पेशकश करने वाले एक भोजनालय के 27 वर्षीय मालिक पर उसके कारोबारी प्रतिद्वंद्वी ने कथित रूप से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घटना सोमवार को खडकी इलाके में हुई, जहां पीड़ित और आरोपी भोजनालय चलाते हैं।
खडकी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित मुलायम पाल ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए भोजन से पहले ‘मुफ्त सूप’ की पेशकश की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘पीड़ित की शिकायत के अनुसार, इस पेशकश ने ग्राहकों को आकर्षित किया, लेकिन पास में भोजनालय चलाने वाले सिद्धार्थ भालेराव और उसके साथी दिग्विजय कचारे को यह अच्छा नहीं लगा। इस बात को लेकर आरोपी पाल से कहासुनी किया करते थे।’’
अधिकारी ने बताया कि छह फरवरी को पीड़ित जब अपनी दुकान के पास खाना खा रहा था, तभी भालेराव ने धारदार हथियार से उसके सिर पर कथित तौर पर वार किया और कचारे ने उसे धमकी दी एवं अपशब्द कहे।
शिकायत के आधार पर, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 326 (जानबूझकर खतरनाक हथियारों या साधनों से गंभीर चोट पहुंचाना) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)