पुडुचेरी सरकार भी शराब पर कोविड-19 कर लागने पर विचार कर रही है : नारायणसामी
जमात

पुडुचेरी, आठ मई पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने शु्क्रवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश का प्रशासन भी मौजूदा वित्तीय संकट से निकलने के लिए शराब पर विशेष कोविड-19 कर लगाने पर विचार कर रहा है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि कई अन्य राज्यों ने राजस्व हानि के बाद इस तरह का कर लगाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘शराब से मिलने वाला राजस्व केंद्र शासित प्रदेश के आय का मुख्य साधन है। कोविड-19 की वजह से 25 मार्च से लागू लॉकडाउन की वजह से शराब की दुकानों को बंद करना पड़ा जिससे राजस्व की हानि हुई।’’

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर फैसला शनिवार को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह का कर पेट्रोल और डीजल पर भी लगाया जाएगा।

पुडुचेरी ने अब तक शराब की दुकानों को खोलने पर फैसला नहीं लिया है जबकि पड़ोसी तमिलनाडु ने सरकारी दुकानों पर शराब की बिक्री करने की अनुमति दे दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)