देश की खबरें | जनता की संपत्ति अखिलेश यादव की जागीर नहीं: बृजेश पाठक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को लखनऊ में स्थापित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जनता की संपत्ति उनकी (अखिलेश यादव) जागीर नहीं है।
लखनऊ, पांच जुलाई उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को लखनऊ में स्थापित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जनता की संपत्ति उनकी (अखिलेश यादव) जागीर नहीं है।
शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की जनता को छोटी याददाश्त वाला समझते हैं, लेकिन जनता अब जागरूक है और गुमराह नहीं होगी।
पाठक ने जेपीएनआईसी के मुद्दे पर यादव के एक बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “आपने (यादव) इसे भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था, जबकि यह जनता की गाढ़ी कमाई से बना केंद्र था। हमारी सरकार ने कैबिनेट से प्रस्ताव पारित करके इसे एलडीए (लखनऊ विकास प्राधिकरण) को सौंप दिया, ताकि यह संपत्ति आम लोगों की सेवा में लगे, यह आपकी निजी संपत्ति नहीं थी।”
इसके पहले शनिवार को ही समाजवादी पार्टी के प्रमुख एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर एक सोची-समझी रणनीति के तहत पहले मंत्रिमंडल के फैसले के जरिए जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर की सोसायटी को खत्म करने और फिर उसे बेचने की तैयारी करने का आरोप लगाया।
उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) परियोजना के लिए गठित सोसायटी को भंग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस फैसले में यह भी कहा गया कि इसकी बागडोर एलडीए को सौंपी जाएगी।
पाठक ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि 2012 से 2017 तक की समाजवादी सरकार ने भ्रष्टाचार, परिवारवाद, जंगल कब्जा, खनन घोटाले और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग को संस्थागत रूप से बढ़ावा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस कार्यकाल में चारों तरफ भाई-भतीजावाद और अपराधियों का बोलबाला था, जिसका जवाब जनता ने उन्हें दो बार सत्ता से बाहर करके दिया है।
गोमती रिवर फ्रंट को लेकर उप मुख्यमंत्री पाठक ने आरोप लगाते हुए कहा कि ‘‘यह परियोजना कुछ सौ करोड़ रुपये की थी, लेकिन हजारों करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, जनता के पैसे की खुली लूट हुई। यह परियोजना समाजवादी पार्टी की आर्थिक अनियमितता और सौंदर्यीकरण के नाम पर लूट का उदाहरण है।’’
उन्होंने अखिलेश यादव द्वारा निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने को "गंभीर और गैरजिम्मेदार" बताया। पाठक ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एक नयी ऊंचाई की ओर बढ़ रहा है।
आनन्द अमित
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 05, 2025 10:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

