देश की खबरें | सरकार के महिमामंडन पर जनता का पैसा खर्च नहीं किया जाएगा : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सरकार, मुख्यमंत्री या पार्टी के महिमामंडन पर जनता का एक भी पैसा बर्बाद नहीं किया जाएगा।

नयी दिल्ली, 21 फरवरी भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में सरकार, मुख्यमंत्री या पार्टी के महिमामंडन पर जनता का एक भी पैसा बर्बाद नहीं किया जाएगा।

यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार की विज्ञापन नीति पूरी तरह पारदर्शी होगी और हर विज्ञापन जनहित में जारी किया जाएगा।

भाजपा ने दिल्ली चुनाव में अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी को हराकर 26 साल से अधिक समय बाद सत्ता में वापसी की है।

सचदेवा ने कहा, ‘‘भाजपा सुशासन के लिए जानी जाती है और दिल्ली ने बृहस्पतिवार को इसकी पहली झलक देखी। भाजपा के सुशासन की इस झलक ने इसके पूर्ववर्ती और आम आदमी पार्टी (आप) दोनों के खराब शासन और कुप्रबंधन को उजागर कर दिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली के लोगों को 2015 और 2020 में अरविंद केजरीवाल की आप सरकार के शपथ ग्रहण समारोह याद हैं, जब समारोह से कुछ दिन पहले सड़कों और अखबारों में सरकारी विज्ञापनों की बाढ़ लाने के लिए जनता के पैसे का इस्तेमाल किया गया था। इसके विपरीत, बृहस्पतिवार को दिल्ली की भाजपा सरकार ने शपथ ग्रहण समारोह के प्रचार-प्रसार के लिए सरकारी खजाने से एक पैसा भी खर्च नहीं किया।’’

उन्होंने आगे कहा कि ‘विकसित दिल्ली’ शपथ ग्रहण समारोह के लिए सभी विज्ञापन, होर्डिंग और निमंत्रण पूरी तरह से भाजपा द्वारा ही वित्त पोषित किए गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\