देश की खबरें | जम्मू में दागी कंपनी को परीक्षा कराने की जिम्मेदारी देने पर विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा पहले से काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डाली गई कंपनी को कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी देने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे नौकरी की लालसा रखने वाले कुछ लोगों को बुधवार को जम्मू में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जम्मू/श्रीनगर, आठ मार्च जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) द्वारा पहले से काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डाली गई कंपनी को कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी देने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे नौकरी की लालसा रखने वाले कुछ लोगों को बुधवार को जम्मू में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारी जम्मू शहर के मध्य में डोगरा चौक के बाहर एकत्र हुए और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए मार्च निकालने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और उनमें से कई को हिरासत में लेने से पहले हल्का लाठीचार्ज किया।

प्रदर्शनकारियों ने जेकेएसएसबी के खिलाफ कंप्यूटर आधारित परीक्षा के संचालन की जिम्मेदारी एपीटेक लिमिटेड को देने के खिलाफ नारे लगाए। एपीटेक लिमिटेड को 2019 में काली सूची में डाला गया था।

जेकेएसएसबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विरोध का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि एपीटेक कंपनी की भर्ती से संबंधित मामला ‘अदालत में विचाराधीन’ है।

उन्होंने कहा कि कंपनी को केंद्र और जम्मू-कश्मीर सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार परीक्षा के संचालन की जिम्मेदारी दी गई, क्योंकि यह पिछले साल मई में तीन साल तक काली सूची में रहने की अवधि पूरी कर चुकी है।

अधिकारी ने कहा, “जब हम लिखित परीक्षा आयोजित करने के लिए एक कंपनी का चयन कर रहे हैं, तो हम चयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जांच और संतुलन भी नियोजित कर रहे हैं। हम एक प्रक्रिया का पालन कर रहे हैं जो प्रमुख राष्ट्रीय स्तर की भर्ती एजेंसियों के मानकों से मेल खा रही है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\