देश की खबरें | मराठा समुदाय को कुनबी प्रमाणपत्र देने के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा: राष्ट्रीय ओबीसी महासंघ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय ओबीसी महासंघ ने आरक्षण के लिए मराठा समुदाय को कुनबी प्रमाणपत्र न देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को नागपुर में रैली की और कहा कि विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

नागपुर, 18 सितंबर राष्ट्रीय ओबीसी महासंघ ने आरक्षण के लिए मराठा समुदाय को कुनबी प्रमाणपत्र न देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को नागपुर में रैली की और कहा कि विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

संविधान चौराहे से आयुक्तालय तक हुई रैली में शामिल लोगों ने कहा कि संगठन तब तक विरोध प्रदर्शन करेगा जब तक महाराष्ट्र सरकार उन्हें बातचीत के लिए नहीं बुलाती और मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं देती।

रैली में भाग लेने वालों में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार, पूर्व मंत्री अनिल देशमुख, सुनील केदार, नितिन राउत और भाजपा के आशीष देशमुख शामिल थे।

अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाला संगठन 10 सितंबर से यहां आंदोलन कर रहा है और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को उनसे मुलाकात कर आंदोलन खत्म करने का आग्रह किया था।

ओबीसी महासंघ के अध्यक्ष बबन तायवाड़े ने कहा, “राज्यपाल को संबोधित करते हुए 135 मांगों का एक ज्ञापन आयुक्तालय में दिया गया है। हम तब तक अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे जब तक हमें बातचीत के लिए नहीं बुलाया जाता और इन मांगों पर लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता।”

राज्य सरकार मराठा समुदाय को कुछ शर्तों के साथ कुनबी प्रमाणपत्र देने पर विचार कर रही है ताकि उन्हें नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण प्रदान किया जा सके। इसमें एक शर्त यह भी है कि उनके पास हैदराबाद में निजाम शासन (1948 तक) के समय के दस्तावेज होने चाहिए।

ओबीसी श्रेणी के तहत कुनबी लोगों को आरक्षण प्रदान किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\