देश की खबरें | पश्चिम बंगाल के मालदा में बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन हिंसक हुआ, कई घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बिजली कटौती के विरोध में स्थानीय लोगों द्वारा बृहस्पतिवार को किया गया प्रदर्शन हिंसक हो गया और पुलिस से हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मानिकचक, 18 जुलाई पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बिजली कटौती के विरोध में स्थानीय लोगों द्वारा बृहस्पतिवार को किया गया प्रदर्शन हिंसक हो गया और पुलिस से हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि इलाके में लगातार बिजली कटौती के विरोध में स्थानीय लोगों ने सुबह मानिकचक के इनायतपुर में राजमार्ग जाम कर दिया। उन्होंने कहा कि जब पुलिस लोगों को सड़क से हटाने के लिए वहां गई तो लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि भीड़ ने पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की और हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए त्वरित कार्रवाई बल को बुलाया गया। बल ने तुरंत कार्रवाई की और भीड़ को तितर-बितर कर दिया।’’
आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई जिसमें दो व्यक्ति घायल हो गए। इस आरोप पर पुलिस अधीक्षक यादव ने कहा, ‘‘मैं इसकी पुष्टि नहीं कर सकता। मैं मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल जा रहा हूं। घायलों से मिलने के बाद मैं आपको विस्तृत जानकारी दूंगा।’’
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की हिंसा को रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2024 06:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

