देश की खबरें | पंजाब में आप सरकार की प्रस्तावित अस्थायी समिति ‘असंवैधानिक’ : कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) नीत पंजाब सरकार द्वारा लोक महत्व के विषयों पर सरकार को सलाह देने के लिए एक अस्थायी सलाहकार समिति गठित करने के फैसले को ‘ असंवैधानिक’ करार दिया।
चंडीगढ़, नौ जुलाई कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) नीत पंजाब सरकार द्वारा लोक महत्व के विषयों पर सरकार को सलाह देने के लिए एक अस्थायी सलाहकार समिति गठित करने के फैसले को ‘ असंवैधानिक’ करार दिया।
उन्होंने समिति गठित करने के राज्य सरकार के फैसले पर भी सवाल उठाया।
उल्लेखनीय है कि आम आदमी पार्टी (आप) नीत पंजाब सरकार ने लोक हित के मामलों में सरकार को सलाह देने के लिए एक अस्थायी समिति गठित करने का फैसला किया है।
कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष ने संवाददाताओं से बात करते हुए राज्य सरकार के इस फैसले को ‘असंवैधानिक’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह असंवैधानिक है।’’ उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अलावा आप सरकार में 14 कैबिनेट मंत्री हैं।
वड़िंग ने कहा,‘‘फिर इस समिति की क्या जरूरत है।’’ उन्होंने कहा कि लोगों को आशंका है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान नीत सरकार को इस प्रस्तावित समिति के अधीनस्थ कर दिया जाएगा।
वड़िंग ने कहा, ‘‘अगर मुख्यमंत्री को तकनीकी सलाह की जरूरत है, तो वह ले सकते हैं। लेकिन मेरा मानना है कि इस समिति को गठित करने की जरूरत नहीं है। यह फैसला केवल दिल्ली में बैठे पार्टी (आप) के नेताओं को खुश करने के लिए लिया गया है।’’
मान नीत आप सरकार को आड़े हाथ लेते हुए वड़िंग ने कहा कि दिल्ली में बैठे आप नेताओं द्वारा लिए गए फैसलों को पहले से पंजाब में लागू किया जा रहा है।
वड़िंग ने पंजाब और दिल्ली सरकार के बीच अप्रैल में ज्ञान साझेदारी समझौते को याद किया।
आप नेता अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत दोनों प्रदेशों की आप सरकारों द्वारा जन कल्याण के लिए ज्ञान, अनुभव और कौशल साझा करने के वास्ते अधिकारियों, मंत्रियों तथा अन्य कर्मियों को एक दूसरे के यहां भेजने की व्यवस्था की गई थी।
कांग्रेस नेता आशू बांगर की गिरफ्तारी के सवाल पर वड़िंग ने कहा कि यह ‘‘बदले की राजनीति’’है। वड़िंग ने दावा किया कि मोगा पुलिस ने बांगर के खिलाफ बिना शिकायत के प्राथमिकी दर्ज की है।
बांगर वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आप छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्हें शुक्रवार को फर्जीवाड़े के एक मामले में गिरफ्तार किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2022 09:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

