जरुरी जानकारी | खाने के सामान की बर्बादी रोकने के लिए चलाए जाए कार्यक्रम: अमिताभ कांत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

नयी दिल्ली, 20 जुलाई भारत के जी-20 शेरपा अमिताभ कांत ने बृहस्पतिवार को खाने के सामान की बर्बादी रोकने के लिये वैश्विक स्तर पर कार्यक्रम चलाने की वकालत की। साथ ही उन्होंने पर्यावरण अनुकूल कृषि के संदर्भ में अनुसंधान के वास्ते निजी क्षेत्र से धन जुटाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

कांत ने पहले वैश्विक खाद्य नियामक शिखर सम्मेलन 2023 को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ यह पहली बार है कि भारत की जी20 की अध्यक्षता के दौरान इस मुद्दे पर बैठक हो रही है। हमारा दृढ़ता से यह मानना है कि पर्यावरण अनुकूल कृषि और खाद्य प्रणालियों की ओर अग्रसर होने के लिए फसलों का स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल होना महत्वपूर्ण है।’’

कांत ने कहा, ‘‘ समय की मांग न केवल तात्कालिक संकट व अल्पकालिक उपायों पर ध्यान केंद्रित करने की है, बल्कि सभी देशों के लिए लंबी अवधि में अपनी खाद्य प्रणालियों को और अधिक मजबूत बनाने की भी है।’’

उन्होंने वैश्विक खाद्य नियामकों से प्रमुख अनाज के अलावा वैकल्पिक फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने पर विचार करने का आग्रह किया।

कांत ने कहा, ‘‘ खाद्य असुरक्षा को कम करने के लिए खाद्य सामग्री की बर्बादी रोकने के लिए कार्यक्रमों को लागू करना भी महत्वपूर्ण है। दुनिया में भोजन की बहुत अधिक बर्बादी हो रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ पर्यावरण अनुकूल व टिकाऊ कृषि के संदर्भ में अनुसंधान के वास्ते निजी क्षेत्र से धन जुटाना महत्वपूर्ण है। खाद्य रियायतों (सब्सिडी) जैसे लक्षित सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों के माध्यम से सबसे कमजोर समूहों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।’’

कांत ने सरकार, निजी व्यवसायों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि उचित खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने वाली उत्पादन प्रणालियों का ध्यान रखा जा सके।

वैश्विक खाद्य नियामक शिखर सम्मेलन पहली बार जी-20 कार्यक्रम के रूप में दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय (20-21 जुलाई) सम्मेलन का आयोजन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला खाद्य सुरक्षा और भारतीय मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\