एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | लोकसभा की कार्यवाही अपराह्न 2 बजे तक स्थगित

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. लोकसभा की बैठक सोमवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे, संयुक्त अरब अमीरात के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान, केन्या के पूर्व राष्ट्रपति मवाई किबाकी तथा कुछ दिवंगत पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि देने के बाद अपराह्न 2 बजे तक के लिये स्थगित कर दी गई।

ताजा खबरें | लोकसभा की कार्यवाही अपराह्न 2 बजे तक स्थगित

नयी दिल्ली, 18 जुलाई लोकसभा की बैठक सोमवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे, संयुक्त अरब अमीरात के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान, केन्या के पूर्व राष्ट्रपति मवाई किबाकी तथा कुछ दिवंगत पूर्व सांसदों को श्रद्धांजलि देने के बाद अपराह्न 2 बजे तक के लिये स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही स्थगित करने से पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान हो रहा है और हर चुनाव देश के लोगों के लिये उत्सव के समान होता है। उन्होंने सदस्यों से कहा, ‘‘हम सभी को राष्ट्रपति चुनाव उत्सव के रूप में मनाना चाहिए।’’

भारत के 15वें राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए सोमवार को मतदान सुबह 10 बजे आरंभ हो गया। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का मुकाबला विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस चुनाव में सबसे पहले मतदान किया। मतदान की प्रक्रिया पांच बजे समाप्त होगी।

पूर्वाह्न 11 बजे निचले सदन की कार्यवाही शुरू होने पर उत्तर प्रदेश के रामपुर से निर्वाचित सदस्य घनश्याम सिंह लोधी, आजमगढ़ से चुने गए दिनेश लाल यादव निरहुआ तथा पश्चिम बंगाल के आसनसोल से चुने गए शत्रुघ्न प्रसाद सिन्हा ने सदन में सदस्यता की शपथ ली।

इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के निधन की जानकारी दी। आबे का निधन 8 जुलाई 2022 को 67 वर्ष की आयु में हो गया था। वह 2006-07 और 2012-20 के दौरान जापान के प्रधानमंत्री रहे।

बिरला ने कहा कि आबे ने भारत-जापान संबंधों को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भमिका निभाई।

उन्होंने सदन को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पूर्व राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन की भी जानकारी दी और कहा कि शेख खलीफा को भारत और यूएई के संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिये सदैव याद किया जायेगा।

बिरला ने केन्या के पूर्व राष्ट्रपति मवाई किबाकी के निधन की भी सूचना सदन को दी।

उन्होंने सदन को कुछ दिवंगत पूर्व सांसदों के निधन के बारे में सूचित किया जिनमें रवीन्द्र कुमार राणा, टी बशीर, नवल किशोर राय, सुखराम, हुसैन दलवई, शिवाजी पटनायक, चक्रधारी सिंह और हरिवंश सहाय शामिल हैं।

इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रपति चुनाव का उल्लेख करते हुए सदन की कार्यवाही अपराह्न 2 बजे तक के लिये स्थगित कर दी।

दीपक वैभव

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2022 12:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).