देश की खबरें | नितिन देसाई की मौत की जांच में राशेष शाह के पीछे खड़े एक ‘व्यक्ति’ की पड़ताल की जानी चाहिए: शेलार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आशीष शेलार ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा में मांग की कि कला निर्देशक नितिन देसाई की मौत की पुलिस जांच में एडेलवीस ग्रुप के राशेष शाह के पीछे खड़े एक ‘व्यक्ति’ की भी पड़ताल की जानी चाहिए।
मुंबई, चार अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आशीष शेलार ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा में मांग की कि कला निर्देशक नितिन देसाई की मौत की पुलिस जांच में एडेलवीस ग्रुप के राशेष शाह के पीछे खड़े एक ‘व्यक्ति’ की भी पड़ताल की जानी चाहिए।
यह ग्रुप देसाई के एन डी स्टूडियो के कर्जदाताओं में एक था।
शेलार ने कहा कि सरकार को अवश्य ही यह पता लगाना चाहिए कि क्या कोई अन्य व्यक्ति शाह से यह ऋणग्रस्त स्टूडियो खरीदने का प्रयास कर रहा था और क्या देसाई पर उस ‘ग्राहक’ की ओर से दबाव बनाया गया था।
भाजपा विधायक ने शाह और उनकी कंपनी पर ‘‘आधुनिक ऋण कारोबार’’ खड़ा करने का आरोप लगाया।
देसाई बुधवार को रायगढ़ जिले के कर्जत में अपने स्टूडियो परिसर में फांसी पर लटके मिले थे। उनकी कंपनी एन डी आर्ट वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड ने 2016 और 2018 में एडेलवीस ग्रुप की सहायक कंपनी ईसीएल फाइनेंस से दो ऋणों के जरिए 185 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था और पैसा लौटाने में जनवरी 2020 में समस्या आने लगी।
बकाया कर्ज जून, 2022 तक ब्याज सहित 252 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कर्ज खाता दूसरी परिसंपत्ति निर्माण कंपनी को हस्तांतरित कर दिया गया और बाद में इसे एडेलवीस एस्सेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी को दे दिया गया।
देसाई को ‘मराठी मानुष’ बताते हुए शेलार ने कहा कि उन्होंने उपयुक्त कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से कर्ज लिया था लेकिन कानून का ‘दुरुपयोग कर’ उन्हें मुश्किलों में फंसाने की कोशिश की गयी।
उन्होंने कहा, ‘‘कल (बृहस्पतिवार) तक मेरे पास राशेष शाह एवं एडेलवीस एआरसी के खिलाफ दो और ऐसे मामले थे। लेकिन कल से मेरे पास कुछ और मामले हैं जहां शाह और एडेलवीस एआरसी ने कानूनी प्रक्रिया का अनुचित तरीके से इस्तेमाल किया तथा आधुनिक ऋण कारोबार स्थापित किया।’’
विधायक ने कहा, ‘‘उनके उद्देश्य की जांच की जाने की जरूरत है। इस बात की भी पड़ताल होनी चाहिए कि क्या उनका एकमात्र मकसद किसी मराठी व्यक्ति द्वारा खड़े किये गये स्टूडियो को हथियाने की कोशिश करना था। सरकार को राशेष शाह के पीछे खड़े व्यक्ति का भी पता लगाना ही चाहिए।’’
शेलार ने कहा कि सरकार को सभी पहलुओं की जांच करनी चाहिए । उन्होंने कहा कि वह इस मामले को अंतिम परिणति तक ले जायेंगे।
उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा था कि देसाई की मौत की न केवल आकस्मिक/दुर्घटनावश मौत के रूप में जांच की जानी चाहिए, बल्कि राशेष शाह एवं एडेलवीस एआरसी द्वारा लगायी गयी ब्याज दर, हर साल ब्याज को बहुत अधिक बढ़ाने वाली दर और कर्ज वसूली के तौर तरीके की जांच के लिए एक विशेष दल को काम पर लगाया जाना चाहिए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)