प्रियंका का मोदी पर पलटवार: सब जानते हैं किसने स्थिर सरकारें दीं, किसने विधायक खरीदकर सरकारें गिराईं
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से पलटवार करते हुए कहा कि सबको पता है कि आजादी के बाद किसने स्थिर सरकारें दीं और किसने ‘‘विधायक खरीदकर’’ सरकारें गिराई हैं.
सिरमौर (हिप्र), 10 नवंबर : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर परोक्ष रूप से पलटवार करते हुए कहा कि सबको पता है कि आजादी के बाद किसने स्थिर सरकारें दीं और किसने ‘‘विधायक खरीदकर’’ सरकारें गिराई हैं. उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन अपनी आखिरी चुनावी सभा में लोगों का आह्वान किया कि सोच-समझकर वोट करें और किसी की बातों से गुमराह नहीं हों. प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘भाजपा के बड़े नेताओं ने कहा कि कांग्रेस आपको स्थिर सरकार नहीं दे सकती. आजादी के बाद स्थिर सरकारें किसने दीं और किसने अस्थिरता फैलाई? पैसे से विधायकों को खरीदकर सरकारों को गिराने वाले कौन हैं?’’
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को राज्य में एक चुनावी सभा में कहा था कि कांग्रेस स्थिर सरकार नहीं दे सकती है. उन्होंने कहा था कि कांग्रेस यदि राज्य में सरकार बनाती है तो केवल विकास को बाधित ही करेगी. प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री के एक और बयान का हवाला देते हुए कहा, ‘‘आपसे कहा जाता है कि दवाई बदलेंगे तो मरीज ठीक नहीं होगा. ऐसे लगता है कि हिमाचल प्रदेश बीमार है. यह सब फिजूल की बाते हैं. आप सब जानते हैं.’’ उनका कहना था, ‘‘इस मंच से आपसे कोई भी कुछ भी कह सकता है. आज की राजनीति में देख रहे हैं कि पैसे और झूठ का बोलबोला है. नेता कुछ भी वादा करते हैं. पांच साल बाद आपको पता चलता है कि कुछ नहीं हुआ है.’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘मैं आपसे यह आग्रह करना चाहती हूं कि आप अपनी परिस्थितियों और अपने अनुभव के आधार पर वोट करिये.’’ यह भी पढ़ें : दिल्ली आबकारी नीति : ईडी ने निजी कंपनियों के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया
उन्होंने कहा, ‘‘आज हिमाचल प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है. आज 15 लाख नौजवान बेरोजगार हैं. आज हिमाचल प्रदेश में 63 हजार पद खाली पड़े हैं. लेकिन भाजपा सरकार ने नौकरी नहीं दी.’’ उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर मंत्रिमंडल की पहली बैठक में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने का फैसला होगा. प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘राजस्थान और छत्तीसगढ़ में ओपीएस लागू है. भाजपा के लोग कहते हैं कि ओपीएस के लिए पैसे कहां से आएंगे. उनसे मैं पूछना चाहती हूं कि उद्योगपति मित्रों के कर्ज माफ करने के लिए पैसे कहां से आते हैं? ’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीयत ठीक नहीं है. प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘मेरी दादी (इंदिरा गांधी) का आपके साथ रिश्ता है. मैं उस रिश्ते को निभा रही हूं. मैं भी यहीं की निवासी हूं. मेरे परिवार ने इस देश के लिए जान दी है. हिमाचल प्रदेश के लाखों लोगों ने भी इस देश के लिए कुर्बानी दी है.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 10, 2022 02:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

