देश की खबरें | मुरादाबाद से ‘न्याय यात्रा’ में शामिल हो सकती हैं प्रियंका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा आगामी रविवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का हिस्सा बन सकती हैं और उत्तर प्रदेश में इस यात्रा के जारी रहने के दौरान इसमें शामिल रह सकती हैं।
नयी दिल्ली, 22 फरवरी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा आगामी रविवार को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का हिस्सा बन सकती हैं और उत्तर प्रदेश में इस यात्रा के जारी रहने के दौरान इसमें शामिल रह सकती हैं।
सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
प्रियंका गांधी को चंदौली से ही इस यात्रा में शामिल होना था, लेकिन अस्वस्थ होने के चलते वह इसमें शामिल नहीं हो सकीं।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को आगरा में इस यात्रा का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया गया है।
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की थी। कांग्रेस उत्तर प्रदेश की कुल 80 सीट में से 17 सीट पर चुनाव लड़ेगी।
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ बुधवार को कानपुर में थी, जबकि 22 और 23 फ़रवरी को यात्रा में विराम है।
यह यात्रा 24 फ़रवरी की सुबह मुरादाबाद से फ़िर शुरू होगी। उसके बाद संभल, अलीगढ़, हाथरस, और आगरा ज़िलों से गुजरते हुए यात्रा राजस्थान के धौलपुर में रुकेगी।
इसके बाद 26 फ़रवरी से एक मार्च तक यात्रा में विराम होगा, ताकि राहुल गांधी 27 और 28 फरवरी को इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान दे सकें और नयी दिल्ली में होने वाली पार्टी की कुछ महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल हो सकें।
इस विराम के बाद दो मार्च को अपराह्न दो बजे धौलपुर से एक बार फिर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू होगी। इसके बाद यह मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर और उज्जैन-सहित मध्यप्रदेश के अन्य ज़िलों से गुजरेगी।
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 14 जनवरी को मणिपुर से आरंभ हुई थी। अगले महीने मुंबई में इसका समापन होना है।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2024 04:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

