जयपुर, आठ सितंबर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा 10 सितंबर को राजस्थान के टोंक जिले के निवाई में एक जनसभा को संबोधित करेंगी।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि प्रियंका गांधी राज्य सरकार की ‘इंदिरा रसोई- ग्रामीण’ योजना की शुरुआत करेंगी और 10 सितंबर को टोंक जिले में निवाई के झिलाई गांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
वर्तमान में ‘इंदिरा रसोई’ योजना शहरों में चल रही है जहां आठ रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह योजना गांवों में भी शुरू की जाएगी।
राजस्थान सरकार की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ‘‘कोई भी भूखा नहीं सोए’’ के संकल्प के साथ 20 अगस्त 2020 से राज्य के सभी 213 नगरीय निकायों में 358 रसोईघरों के माध्यम से ‘इंदिरा रसोई’ योजना की शुरुआत की।
वित्तवर्ष 2022-23 के बजट में रसोईघरों की संख्या 358 से बढ़ाकर 1000 करने की घोषणा की गई। बजट भाषण के मुताबिक योजना पर सालाना 250 करोड़ रुपये खर्च कर 9.25 करोड़ थाली परोसने का लक्ष्य रखा गया।
गहलोत ने वित्तवर्ष 2023-24 के बजट भाषण में ‘इंदिरा रसोई’ की संख्या बढ़ाकर दो हजार करने और योजना का विस्ताार ग्रामीण कस्बों में भी करने की घोषणा की।
इस बीच,एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार रात को अपने परिवार के साथ सवाई माधोपुर जिले के रणथंभौर पहुंचीं। वह सपरिवार एक होटल में ठहरी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY