देश की खबरें | प्रियंका और मैंने वायनाड को केरल का शीर्ष गंतव्य बनाने के मिशन के रूप में लिया है: राहुल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाद्रा और उन्होंने वायनाड को केरल का एक शीर्ष गंतव्य बनाने के लिए इसे एक मिशन के रूप में लिया है। उन्होंने वायनाड जिले में राज्य की सबसे लंबी ‘जिपलाइन’ के अनुभव का एक वीडियो भी पोस्ट किया।
नयी दिल्ली, 12 नवंबर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाद्रा और उन्होंने वायनाड को केरल का एक शीर्ष गंतव्य बनाने के लिए इसे एक मिशन के रूप में लिया है। उन्होंने वायनाड जिले में राज्य की सबसे लंबी ‘जिपलाइन’ के अनुभव का एक वीडियो भी पोस्ट किया।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल ने अपने यूट्यूब हैंडल पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह सोमवार को अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ वायनाड में एक ‘एडवेंचर पार्क’ के कर्मचारियों से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। प्रियंका वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ रही हैं।
राहुल गांधी ने वीडियो के साथ अपने पोस्ट में कहा, ‘‘कल वायनाड में प्रियंका के प्रचार अभियान के दौरान मुझे कुछ वाकई प्रेरणादायक स्थानीय लोगों से जुड़ने का मौका मिला। हाल की चुनौतियों के बावजूद, वे हार नहीं माने हैं।’’
राहुल ने कहा, ‘‘उन्होंने यहां शानदार आकर्षण स्थल बनाए हैं। दक्षिण भारत का सबसे बड़ा विशाल झूला, एक ड्रॉप टॉवर और एक रोमांचक जिपलाइन। ये सब आगंतुकों को यह दिखाने के लिए हैं कि वायनाड पहले की तरह ही शानदार और सुरक्षित स्थल है। मैंने खुद भी जिपलाइन का अनुभव लिया और मुझे यह बहुत पसंद आया।’’
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘लेकिन वास्तविकता कठोर है। हालिया भूस्खलन ने पर्यटन को खतरे में डाल दिया है और आजीविका वास्तव में प्रभावित हो रही है। दुकानदारों से लेकर होमस्टे मालिकों और एडवेंचर पार्क तक, हर कोई चीजों को चालू रखने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।’’
राहुल ने कहा कि उन लोगों की कहानियां सुनकर उन्हें उनके संघर्षों के लिए गहरी चिंता है और वह उनके जज्बे का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए राजनीति से कहीं बढ़कर है। वायनाड के लोगों ने वास्तव में मेरे दिल में जगह बनाई है। प्रियंका और मैंने वायनाड को केरल में एक शीर्ष गंतव्य बनाने के लिए इसे एक मिशन के रूप में लिया है।’’
राहुल ने कहा कि वायनाड भारत की सबसे बेहतरीन चीजों का प्रतीक है। यह लुभावने परिदृश्य, जीवंत संस्कृति और प्रकृति से तालमेल का शानदार उदाहरण है। उन्होंने कहा, ‘‘आइए अपने देश के भीतर के जादू को फिर से खोजें और दुनिया को दिखाएं कि भारत क्या दे सकता है। वायनाड के लोगों के लिए, मैं अभी और हमेशा यहां हूं।’’
वीडियो में राहुल और प्रियंका दोनों ने विनाशकारी भूस्खलन के बाद वायनाड में पर्यटन प्रभावित होने के कारण लोगों के सामने आने वाली समस्याओं के बारे में चर्चा की।
वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को प्रचार का आखिरी दिन था। उस दिन राहुल ने अपनी बहन प्रियंका के साथ चुनाव प्रचार किया और जिले को ‘‘विश्व स्तरीय’’ पर्यटन स्थल में बदलने का वादा किया।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 13 नवंबर को वायनाड निर्वाचन क्षेत्र के लिए होने वाले उपचुनाव में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की उम्मीदवार हैं। यह दूसरी बार था जब राहुल गांधी ने अपनी बहन के लिए चुनाव प्रचार में भाग लिया। इससे पहले वह 23 अक्टूबर को प्रचार में शामिल हुए थे, जब प्रियंका अपना नामांकन दाखिल करने के लिए कलपेट्टा पहुंची थीं।
आम चुनावों में रायबरेली से जीत के बाद राहुल गांधी द्वारा सीट खाली करने के कारण वायनाड सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 12, 2024 07:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

