नयी दिल्ली, 27 अप्रैल संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पर्यटन उद्योग में स्टार्टअप और कंपनियां, दोनों के लिए निवेश के अपार अवसर मौजूद हैं।
पहले वैश्विक पर्यटन निवेशक सम्मेलन से पहले यात्रा एवं पर्यटन उद्योग में हितधारकों के बीच जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित एक रोडशो में रेड्डी ने कहा कि खासकर होटल और अन्य पर्यटन संबंधी अवसंरचनाओं में निजी निवेश बहुत जरूरी है।
रेड्डी ने कहा कि सरकार भारत में पर्यटन को बढ़ावा देने और सतत वृद्धि के लिए समर्पित होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य सरकारें भी मानती हैं कि पर्यटन आर्थिक वृद्धि लाने में अहम भूमिका निभा सकता है। इसलिए होटलों और अन्य पर्यटन संबंधी अवसंरचनाओं में निजी निवेश बहुत जरूरी है।
एक बयान के मुताबिक, इस रोडशो के जरिए पर्यटन मंत्रालय को उद्योग के हितधारकों की राय जानने और उनके सवालों एवं चिंताओं से अवगत होने का मौका मिला।
आगामी सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य भारत के यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र को निवेश के आदर्श स्थल के तौर पर प्रस्तुत करना और केंद्र तथा राज्य सरकारों के लिए एक मंच उपलब्ध करवाना है जहां वे निवेश अवसरों का पता लगा सकें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY