एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | पृथ्वी साव 2025-26 सत्र से पहले महाराष्ट्र की टीम से जुड़े

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय बल्लेबाज और मुंबई के पूर्व खिलाड़ी पृथ्वी साव आगामी घरेलू सत्र के लिए सोमवार को महाराष्ट्र की टीम के साथ जुड़ गये। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने इसकी घोषणा की।

खेल की खबरें | पृथ्वी साव 2025-26 सत्र से पहले महाराष्ट्र की टीम से जुड़े

मुंबई, सात जुलाई भारतीय बल्लेबाज और मुंबई के पूर्व खिलाड़ी पृथ्वी साव आगामी घरेलू सत्र के लिए सोमवार को महाराष्ट्र की टीम के साथ जुड़ गये। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने इसकी घोषणा की।

साव ने किसी और राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए पिछले महीने मुंबई क्रिकेट संघ से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की मांग की थी, जिस पर उसकी संचालन समिति ने मुहर लगा दी थी।

साव को खराब फिटनेस और अनुशासन संबंधी मुद्दों के कारण मुंबई की लाल गेंद टीम से बाहर कर दिया गया था । उन्होंने मुंबई के लिए अपना पिछला मैच मध्य प्रदेश के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के फाइनल में खेला था।

महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने यहां जारी बयान में कहा, ‘‘ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और भारतीय टीम के शीर्ष क्रम के आक्रामक बल्लेबाज पृथ्वी साव आधिकारिक तौर पर मुंबई क्रिकेट संघ से अलग हो गये हैं और वह आगामी घरेलू सत्र में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ का प्रतिनिधित्व करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस रणनीतिक बदलाव को भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण विकास के रूप में देखा जा रहा है, जिससे महाराष्ट्र की टीम और मजबूत होगी। साव ने टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच जीतने की क्षमता से इंडियन प्रीमियर लीग और घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावित किया है।’’

साव ने कहा कि यह कदम उन्हें क्रिकेटर के तौर पर आगे बढ़ने में मदद करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि करियर के इस पड़ाव पर महाराष्ट्र की टीम से जुड़ने से मुझे क्रिकेटर के तौर पर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। मैं पिछले कुछ वर्षों में मुंबई क्रिकेट संघ की तरफ से मिले मौके और समर्थन के लिए आभारी रहूंगा।’’

महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रोहित पवार ने कहा, ‘‘उनके शामिल होने से रुतुराज गायकवाड़, अंकित बावने, राहुल त्रिपाठी, मुकेश चौधरी और रजनीश गुरबानी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों वाली पहले से ही प्रतिभाशाली टीम की मजबूती और बढ़ेगी। साव का अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल अनुभव खासकर टीम में युवा खिलाड़ियों को सलाह देने के लिए अमूल्य होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 04:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).