कोरोना संकट के बीच भारत को आत्म निर्भर बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री की दूर दृष्टि का प्रतीक: भाजपा
जमात

रांची, 12 मई झारखंड प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का मंगलवार को स्वागत किया और कहा कि कोरोना वायरस संकट के बीच भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि को दर्शाता है।

वहीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम संबोधन में ‘‘आत्मनिर्भर भारत ‘‘ का नया नारा दिया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि जहां बड़े-बड़े शक्तिशाली देश निराशा में डूबे हुए हैं, वहीं प्रधानमंत्री ने एक बड़े आर्थिक पैकेज की घोषणा करके स्वावलंबी और मजबूत भारत के संकल्प को और मजबूत किया है।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘आत्मनिर्भर भारत के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक प्रोत्साहन देने के लिए धन्यवाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी। यह एक ऐतिहासिक कदम है, जो समाज के सभी वर्गों को राहत देगा और आर्थिक गतिविधि को शुरू करेगा।’’

उन्होंने कहा कि एमएसएमई, गृह उद्योग, कुटीर उद्योग, मध्यम वर्ग, किसानों, ठेले, रेहड़ी वालों, मजदूर समेत सभी वर्गों के लिए यह पैकेज राहत लेकर आयेगा।

प्रकाश ने कहा कि आपदा में भी आत्म निर्भर भारत बनाने का संकल्प ‘‘सबका साथ ,सबका विकास’’ के संकल्प को ही सार्थक करता है।

इस बीच केंद्रीय मंत्री मुंडा ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने देश को आत्मनिर्भर बनाने का नारा देने के साथ ही इस संकट को अवसर में बदलने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। यह पैकेज समाज के हर वर्ग को मजबूती प्रदान करेगा।’’

इन्दु,

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)