एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | प्रधानमंत्री की शुक्रवार को दुर्गापुर में जनसभा, पांच हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वह दुर्गापुर में भारतीय जनता पार्टी की एक रैली को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह एक सरकारी कार्यक्रम में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की शुरूआत करेंगे।

देश की खबरें | प्रधानमंत्री की शुक्रवार को दुर्गापुर में जनसभा, पांच हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे

कोलकाता, 17 जुलाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वह दुर्गापुर में भारतीय जनता पार्टी की एक रैली को संबोधित करेंगे। इससे पहले वह एक सरकारी कार्यक्रम में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की शुरूआत करेंगे।

प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री बिहार से दुर्गापुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वह विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वह पार्टी द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे।’’

इस महीने की शुरुआत में समिक भट्टाचार्य को भाजपा की राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया था, इसके बाद प्रधानमंत्री का पश्चिम बंगाल का यह पहला दौरा होगा।

अगले वर्ष अप्रैल-मई में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए मोदी की यह यात्रा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। खासकर इसलिए भी, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की 21 जुलाई को यहां होने वाली शहीद दिवस रैली से कुछ ही दिन पहले प्रधानमंत्री का यह दौरा हो रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस की यह अंतिम शहीद दिवस रैली होगी, इसलिए मुख्यमंत्री इस मंच का इस्तेमाल अपनी मुख्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी भाजपा को एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश देने के लिए कर सकती हैं।

विश्लेषकों के अनुसार ममता प्रदेश के मतदाताओं को लुभाने के लिए नई योजनाओं की भी घोषणा कर सकती हैं ।

ममता ने बुधवार को भाजपा शासित कई राज्यों में बांग्ला भाषी लोगों के कथित उत्पीड़न और अत्याचार के खिलाफ कोलकाता में विरोध मार्च निकाला था।

प्रधानमंत्री अपने बंगाल दौरे के दौरान तेल और गैस अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की लगभग 1,950 करोड़ रुपये की नगर गैस वितरण (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे।

प्रधानमंत्री इस अवसर पर 1,190 करोड़ रुपये की लागत से महत्वाकांक्षी जगदीशपुर-हल्दिया और बोकारो-धामरा पाइपलाइन (पीएम ऊर्जा गंगा) परियोजना के तहत बिछाई गई दुर्गापुर-हल्दिया प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के 132 किलोमीटर लंबे दुर्गापुर-कोलकाता खंड को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

मोदी इस अवसर पर स्वच्छ ऊर्जा के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए दामोदर घाटी निगम के अंतर्गत दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र और रघुनाथपुर ताप विद्युत केंद्र में स्थापित फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन (एफजीडी) प्रणालियों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि 1,457 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रदूषण नियंत्रण ‘रेट्रोफिटिंग’ परियोजना से वायु की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने तथा क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन सुनिश्चित होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री पुरुलिया में 390 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 36 किलोमीटर लंबी पुरुलिया-कोटशिला रेल लाइन के दोहरीकरण का उद्घाटन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि बेहतर रेल संपर्क से जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, रांची और कोलकाता जैसे केन्द्रों के बीच औद्योगिक माल ढुलाई में सुविधा होगी।

मोदी दुर्गापुर दौरे के दौरान पश्चिम बर्धमान जिले के तोपसिया और पांडबेश्वर में सेतु भारतम कार्यक्रम के तहत 380 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो नए ऊपरगामी सड़क पुलों (आरओबी) का उद्घाटन करेंगे।

धीरज रंजन

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 17, 2025 05:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).