देश की खबरें | प्रधानमंत्री का आरोप : आतंकियों के खिलाफ नरम रुख अपना रही है राजस्थान की कांग्रेस सरकार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की नीति और आतंकवादियों के खिलाफ नरम रूख अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी ने दशकों तक जिस प्रकार की राजनीति की है उसमें दलित, पिछड़े एवं आदिवासी समाज का सबसे अधिक अहित हुआ है।
आबूरोड (राजस्थान), 10 मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की नीति और आतंकवादियों के खिलाफ नरम रूख अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि पार्टी ने दशकों तक जिस प्रकार की राजनीति की है उसमें दलित, पिछड़े एवं आदिवासी समाज का सबसे अधिक अहित हुआ है।
इसके साथ ही मोदी ने राजस्थान में कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यहां मुख्यमंत्री को अपने विधायकों पर और विधायकों को अपने मुख्यमंत्री पर भी भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से राजस्थान में राजस्थान में राजनीतिक लड़ाई का भद्दा रूप देखा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी यहां भारतीय जनता पार्टी की एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
जयपुर शहर में 2008 में हुए सीरियल बम धमाकों का जिक्र करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने मामले में मजबूती से पैरवी नहीं की जिससे आरोपी बरी हो गए। इन धमाकों में 71 लोगों की जान चली गई थी और 185 अन्य घायल हो गए थे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में राजस्थान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान कांग्रेस चाहती थी कि अधिक से अधिक लोग मरें, ताकि उन्हें उनकी गर्दन पकड़ने का मौका मिल सके। मोदी ने कहा, ‘‘लेकिन मोदी इन लोगों की धमकियों और साजिशों के आगे न झुका है, न झुकता है। अगर, मोदी झुकता है तो इन 140 करोड़ देशवासियों के सामने झुकता है। आप ही मेरे मालिक हैं।’’
जयपुर के सिलसिलेवार बम धमाकों के चार आरोपियों को उच्च न्यायालय द्वारा बरी किए जाने का जिक्र करते हुए मोदी ने राज्य सरकार पर मामले में मजबूती से पैरवी नहीं करने का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘दो दिन बाद 13 मई को जयपुर बम धमाकों की बरसी है। जयपुर धमाका कर आतंकियों ने हमसे अनेक परिजन छीन लिए, आज भी उनके परिवार इस उम्मीद के साथ जी रहे हैं कि एक न एक दिन उन्हें न्याय मिलेगा लेकिन कांग्रेस सरकार ने वही किया, जिसके लिए वह कुख्यात रही है, उसका इतिहास-कारनामे कुख्यात रहे हैं।'
उन्होंने कहा, ''कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए हमेशा आतंकियों पर नरम रुख अपनाया है, कांग्रेस आतंकी विचारधारा के साथ खड़ा होने का कोई मौका नहीं चूकती है। इसी सोच की वजह से राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने जयपुर बम धमाके के केस में कमजोर पैरवी की, इसके कारण धमाकों के आरोपी छूट गए।'
मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस अब लीपापोती की चाहे जितनी कोशिश करे, लेकिन उसकी सच्चाई पूरे देश के सामने आ चुकी है।’’
कानून-व्यवस्था के मामले में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुये, उन्होंने कहा, 'कांग्रेस शासन में, राजस्थान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह तबाह हो चुकी है। जिस राजस्थान में गंभीर अपराध सुनने में कम ही आते थे, वहां अब अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं और अपने वोट बैंक की गुलामी कर रही कांग्रेस कुछ लोगों की तुष्टिकरण करने के लिए कार्रवाई करने से भी डर रही है।'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'कांग्रेस सरकार के इस रवैये की सबसे बड़ी कीमत राजस्थान की माताओं, बहनों और बेटियों का चुकानी पड़ी है। राजस्थान में महिलाओं से जुड़े अपराध चरम पर हैं। यहां तीज-त्योहार भी शंका-आशंका के बीच मनाने पड़ते हैं।'
उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने दशकों तक जिस प्रकार की राजनीति की उसमें दलित, पिछड़े एवं आदिवासी समाज का सबसे अधिक अहित हुआ है।’
आदिवासी समाज ने तो वर्षों तक कांग्रेस पर भरोसा किया, लेकिन क्या मिला। सिर्फ अभाव, असुविधा और अवसरहीनता। सिरोही, जैसलमेर, करौली, बारां हो, इन जिलों में कांग्रेस के कुशासन के कारण विकास नहीं हुआ। कांग्रेस ने जिलों को पिछड़ा घोषित कर पल्ला झाड़ लिया था।'
राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच जारी खींचतान पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा,'कांग्रेस की स्वार्थ की राजनीति का परिणाम राजस्थान को भी उठाना पड़ रहा है। आप पिछले पांच वर्षों से राजस्थान में राजस्थान में राजनीतिक लड़ाई का भद्दा रूप देख रहे हैं।'
उन्होंने कहा, ' जनता के हित के बजाय यहां कुर्सी लूटने और कुर्सी बचाने का ही खेल चल रहा है। यह कैसी सरकार है जहां मुख्यमंत्री को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है, यह कैसी सरकार है जहां विधायकों को अपने मुख्यमंत्री पर भी भरोसा नहीं है। सरकार के भीतर सब एक दूसरे को अपमानित करने की होड़ लगाए बैठे हैं।'
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के 'गरीबी हटाओ' के नारे को बड़ा घोटाला बताया। उन्होंने कहा, 'आजाद भारत के इतिहास में सबसे बड़ा घोटाला, सबसे बड़ा फ्रॉड, एक जबरदस्त धोखा जनता की भावनाओं पर... 50 साल पहले हुआ था। ये फ्रॉड था, कांग्रेस द्वारा 50 साल पहले देश में गरीबी हटाने की गारंटी ।’’
मोदी ने कहा, 'कांग्रेस की हर गारंटी के साथ कांग्रेस के नेता और अमीर हो जाते हैं और देश का नागरिक और गरीब हो जाता है।'
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देती है, उनके लिए मेहनत करती है, हम छोटे से छोटे किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दे रहे हैं, ताकि उन्हें बैंकों से आसानी से मदद मिल सके।
मोदी ने कहा, 'हम पीएम फसल बीमा योजना लेकर आए। ताकि सूखा हो, बाढ़ हो, या अन्य आपदा हो, किसान के नुकसान की भरपाई हो सके। हमारी नीयत का सबसे बड़ा प्रमाण ''पीएम किसान सम्मान निधि'' है। बीते 9 वर्षों में भाजपा सरकार ने गरीब कल्याण के जो काम किये हैं वो अब तक देश में जितनी भी कांग्रेस सरकारें बनी हैं वह उनके काम से ज्यादा हैं। भाजपा सरकार में आज का नया भारत, नए हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है और आजादी के इस अमृतकाल में हम भारतीयों ने ‘विकसित भारत’ बनाने का संकल्प लिया है।
जनता से वोट बैंक के बजाय कर्तव्य निधि वोटर बनने का आह्वान करते हुए मोदी ने कहा, 'इतिहास गवाह है... जो भी इन राजनीतिक पार्टियों का वोट बैंक बना उसका विकास रूक गया। इसलिए मैं आज कहना चाहता हूं कि सही विकास के लिए वोट बैंक बनने की गलती न करें। अच्छा होगा आप कर्तव्य निधि मतदाता बनें।'
उल्लेखनीय है कि राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री की इस रैली में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी भी इस अवसर पर मंच पर मौजूद थे।
पृथ्वी कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)