PM Modi J&K Visit: कल जम्मू-कश्मीर के दौरे पर रहेंगे PM मोदी, श्रीनगर में करोड़ों रुपये की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर का दौरा करेंगे और 'विकसित भारत, विकसित जम्मू-कश्मीर' कार्यक्रम के तहत पर्यटन और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
PM Modi J&K Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर का दौरा करेंगे और 'विकसित भारत, विकसित जम्मू-कश्मीर' कार्यक्रम के तहत पर्यटन और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी.
श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में एक समारोह में प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर में कृषि-अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए लगभग 5,000 करोड़ रुपये के 'समग्र कृषि विकास कार्यक्रम' राष्ट्र को समर्पित करेंगे.
यह भी पढें: Video: पीएम मोदी ने स्कूली छात्रों के साथ किया देश की पहली अंडर वॉटर मेट्रो का सफर
पीएमओ ने बताया कि वह स्वदेश दर्शन और प्रसाद (तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक, विरासत संवर्धन अभियान) योजना के तहत 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की पर्यटन क्षेत्र से संबंधित कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसमें 'हजरतबल तीर्थ का एकीकृत विकास' भी शामिल है. पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए, प्रधानमंत्री 52 पर्यटन क्षेत्र की परियोजनाओं की शुरुआत भी करेंगे.
बयान के अनुसार प्रधानमंत्री 'देखो अपना देश पीपुल्स च्वॉइस टूरिस्ट डेस्टिनेशन पोल' और 'चलो इंडिया ग्लोबल डायस्पोरा अभियान' भी शुरू करेंगे. पीएमओ ने कहा कि वह चुनौती आधारित गंतव्य विकास (सीबीडीडी) योजना के तहत चयनित पर्यटन स्थलों की भी घोषणा करेंगे. इसके अलावा, प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर के लगभग 1,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे. इन लाभार्थियों में महिला अचीवर्स, लखपति दीदी, किसान, उद्यमी आदि शामिल हैं.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 06, 2024 11:10 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

