एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास करेंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंध्र प्रदेश में सतत विकास, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे में वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को विशाखापत्तनम में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जबकि अगले दिन भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का भी उद्घाटन करेंगे।

देश की खबरें | प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश में दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास करेंगे

नयी दिल्ली, छह जनवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आंध्र प्रदेश में सतत विकास, औद्योगिक विकास और बुनियादी ढांचे में वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को विशाखापत्तनम में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जबकि अगले दिन भुवनेश्वर में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में यह जानकारी दी।

पीएमओ ने कहा कि हरित ऊर्जा और सतत भविष्य के लिए अपनी प्रतिबद्धता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम के पास पुडीमडका में अत्याधुनिक एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ग्रीन हाइड्रोजन हब परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जो राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन के तहत पहला ग्रीन हाइड्रोजन हब है।

बयान के मुताबिक, इस परियोजना में लगभग 1,85,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इसमें 20 गीगावॉट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमताओं में निवेश शामिल होगा, जिससे यह भारत की सबसे बड़ी एकीकृत ग्रीन हाइड्रोजन उत्पादन सुविधाओं में से एक बन जाएगा।

इसमें ग्रीन मेथनॉल, ग्रीन यूरिया और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल सहित 1500 टीपीडी ग्रीन हाइड्रोजन और 7500 टीपीडी ग्रीन हाइड्रोजन डेरिवेटिव का उत्पादन करने की क्षमता है, जो मुख्य रूप से निर्यात बाजार को लक्षित करता है।

यह परियोजना 2030 तक 500 गीगावॉट के भारत के गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश में 19,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेलवे और सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे। वह विशाखापत्तनम में दक्षिण तटीय रेलवे मुख्यालय की आधारशिला भी रखेंगे।

पीएमओ ने कहा कि ये परियोजनाएं भीड़भाड़ को कम करेंगी, संपर्क में सुधार करेंगी और क्षेत्रीय सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ाएंगी।

बयान में कहा गया कि सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवा के अपने दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, प्रधानमंत्री अनकापल्ली जिले के नक्कापल्ली में बल्क ड्रग पार्क की नींव रखेंगे।

पीएमओ ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क विशाखापत्तनम-चेन्नई औद्योगिक कॉरिडोर (वीसीआईसी) और विशाखापत्तनम-काकीनाडा पेट्रोलियम, रसायन और पेट्रोकेमिकल निवेश क्षेत्र के निकट होने के कारण आर्थिक विकास में तेजी लाने में मदद करते हुए हजारों नौकरियां पैदा करेगा।

प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में चेन्नई-बेंगलुरु औद्योगिक गलियारे के तहत कृष्णापत्तनम औद्योगिक क्षेत्र (केआरआईएस सिटी) की आधारशिला भी रखेंगे।

कृष्णापटनम औद्योगिक क्षेत्र (केआरआईएस सिटी), राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के तहत एक प्रमुख परियोजना है, जिसे ग्रीनफील्ड औद्योगिक स्मार्ट शहर के रूप में देखा गया है। यह परियोजना लगभग 10,500 करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण विनिर्माण निवेश को आकर्षित करने के लिए तैयार है। इससे लगभग 1 लाख प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होने का अनुमान है, जिससे आजीविका में काफी वृद्धि होगी और क्षेत्रीय प्रगति होगी।

प्रधानमंत्री ओडिशा में 18वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) सम्मेलन भारत सरकार का प्रमुख कार्यक्रम है जो भारतीय प्रवासियों के साथ जुड़ने और उन्हें एक-दूसरे के साथ बातचीत करने में सक्षम बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।

यह 18वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन ओडिशा राज्य सरकार के साथ साझेदारी में 8 से 10 जनवरी 2025 तक भुवनेश्वर में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का विषय ‘एक विकसित भारत में प्रवासियों का योगदान’ है।

पीएमओ ने कहा कि प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन में भाग लेने के लिए 50 से अधिक विभिन्न देशों से बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासियों ने पंजीकरण कराया है।

प्रधानमंत्री प्रवासी भारतीय प्रवासियों के लिए एक विशेष पर्यटक ट्रेन, प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और तीन सप्ताह की अवधि के लिए भारत में पर्यटन और धार्मिक महत्व के कई स्थलों की यात्रा करेगी।

प्रवासी भारतीय एक्सप्रेस का संचालन प्रवासी तीर्थ दर्शन योजना के तहत किया जाएगा।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 06, 2025 07:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).