प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु में नए पंबन पुल का उद्घाटन किया, CM स्टालिन रहे अनुपस्थित
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को रामेश्वरम द्वीप और भूमि क्षेत्र के बीच रेल संपर्क की सुविधा प्रदान करने वाले पंबन समुद्री पुल का उद्घाटन किया और यहां नयी रामेश्वरम-तांबरम (चेन्नई) ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई. उन्होंने एक तटरक्षक पोत को भी हरी झंडी दिखाई जो पुल के नीचे से गुजरा.
रामेश्वरम (तमिलनाडु), 6 अप्रैल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को रामेश्वरम द्वीप और भूमि क्षेत्र के बीच रेल संपर्क की सुविधा प्रदान करने वाले पंबन समुद्री पुल का उद्घाटन किया और यहां नयी रामेश्वरम-तांबरम (चेन्नई) ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई. उन्होंने एक तटरक्षक पोत को भी हरी झंडी दिखाई जो पुल के नीचे से गुजरा. मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस कार्यक्रम में भाग नहीं लिया और परिसीमन के मुद्दे पर विरोध जताया. स्टालिन ने कहा कि उन्होंने पहले ही प्रधानमंत्री को पुल के उद्घाटन समारोह में भाग लेने में असमर्थता से अवगत करा दिया था, क्योंकि उनके पहले से ही आधिकारिक कार्यक्रम निर्धारित थे.
मुख्यमंत्री रविवार को आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उधगमंडलम शहर में थे. स्टालिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर तमिलनाडु के लोगों की आशंकाओं को दूर करना चाहिए. पुल से इस आध्यात्मिक स्थल तक पहुंचने में सुविधा होगी, जहां साल भर देश भर से श्रद्धालु आते हैं. 550 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह भारत का पहला ‘वर्टिकल सी-लिफ्ट’ पुल है. यह भी पढ़ें : पंजाब के किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने अपना आमरण अनशन समाप्त किया
लगभग 2.08 किलोमीटर लंबे इस पुल में 99 ‘स्पैन’ और 72.5 मीटर लंबा ‘वर्टिकल लिफ्ट स्पैन’ है, जिसे 17 मीटर तक उठाया जा सकता है. इससे बड़े जहाजों का सुगम आवागमन और साथ ही निर्बाध ट्रेन संचालन सुनिश्चित होगा. पुल में स्टेनलेस स्टील और उच्च श्रेणी के पेंट का इस्तेमाल किया गया है. इसमें पूरी तरह से वेल्डिंग किए हुए जोड़ हैं, जिससे पुल के रखरखाव की आवश्यकताएं कम होंगी और मजबूती बढ़ेगी.
इसकी नींव 333 ‘पाइल’ और 101 ‘पियर/पाइल कैप’ पर टिकी है तथा इसे दोहरी रेल पटरियों और भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. ‘पॉलीसिलोक्सेन’ पेंट का उपयोग इसे जंग से बचाता है, जिससे कठोर समुद्री वातावरण में पुल की दीर्घावधि सुनिश्चित होगी.
दक्षिण रेलवे ने घोषणा की है कि नए पुल के चालू हो जाने के बाद अब चुनिंदा मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन रामेश्वरम से चलेंगी और वहीं वापस लौटेंगी.
अधिकारियों के अनुसार, मंडपम रेलवे स्टेशन (भूमि क्षेत्र) और रामेश्वरम द्वीप के बीच नए रेलवे समुद्री पुल न केवल पुराने पंबन पुल की जगह ली है; बल्कि यह भारत की इंजीनियरिंग क्षमताओं में एक हुई जबरदस्त प्रगति को भी दर्शाता है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, तमिलनाडु के राज्यपाल आर. एन. रवि, राज्य के वित्त मंत्री थंगम थेनारासु और अन्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद थे. रवि, थेनारासु, केंद्रीय राज्य मंत्री एल मुरुगन, भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई, एच राजा और वनथी श्रीनिवासन समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने श्रीलंका से आने पर मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 06, 2025 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

