ताजा खबरें | लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रधानमंत्री मोदी का अभियान तेज होगा: नड्डा
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन ‘परिवारवादी और भ्रष्ट’ पार्टियों का एक समूह है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चार जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद तेज हो जाएगा।
टीकमगढ़ (मप्र), 23 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन ‘परिवारवादी और भ्रष्ट’ पार्टियों का एक समूह है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चार जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद तेज हो जाएगा।
नड्डा मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार के समर्थन में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने दावा किया कि कोयला, दूरसंचार, पनडुब्बी और अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर घोटाले सहित कई घोटाले पिछले कांग्रेस शासन के दौरान हुए थे।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी विकास कार्यों में लगे हुए हैं, जबकि दूसरी ओर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन है जो ‘परिवारवादी और भ्रष्ट दलों’ का एक समूह है।
नड्डा ने कहा, ‘‘सभी घोटालेबाज एक-दूसरे को बचाने के लिए एक साथ आ गए। जब उनकी रैलियां आयोजित की जाती हैं, तो वे दो कुर्सियां खाली रखते हैं। वे कहते हैं, ये हमारे मुख्यमंत्रियों के लिए कुर्सियां हैं जो जेल में हैं। चार जून का इंतजार करें, भ्रष्टाचार के खिलाफ मोदी जी का अभियान शुरू होगा। यह अधिक तीव्र होगा और लोगों को दंडित किया जाएगा।’’
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन अपने-अपने परिवारों और भ्रष्ट लोगों को बचाने में लगी पार्टियों का गठबंधन है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एक तरफ मोदी जी भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम कर रहे हैं और दूसरी तरफ, ‘इंडिया’ गठबंधन या घमंडिया गठबंधन की परिवारवादी पार्टियां कह रही हैं कि भ्रष्टाचारियों को बचाओ।''
भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस ने जमीन, आकाश और समुद्र को भी नहीं छोड़ा और तीनों लोकों में घोटाले किये।
नड्डा ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव, जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी, भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों पर विभिन्न भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल होने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्री जेल में हैं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी जमानत पर हैं।’’ विभिन्न आंकड़ों का हवाला देते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सर्वांगीण विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा।
दिमो
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2024 05:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

