देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी का 51वां बिहार दौरा शुक्रवार को, सिवान में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को बिहार का अपना ‘51वां दौरा’ करेंगे। इस दौरान वह पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ-साथ नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखांएगे।
पटना, 19 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को बिहार का अपना ‘51वां दौरा’ करेंगे। इस दौरान वह पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के साथ-साथ नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखांएगे।
मोदी की सिवान जिले की यात्रा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्साहित है, जो कुछ ही महीनों में होने वाले अहम विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी है और अपनी संभावनाओं को बढ़ाने के लिए अपने सबसे लोकप्रिय नेता की अपील पर काफी हद तक निर्भर है।
भाजपा नेता और राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ‘‘केवल 20 दिन में दूसरा और इस वर्ष का पांचवां बिहार प्रवास’’ होगा। उन्होंने बताया कि यह संकेत है कि बिहार केंद्र की मोदी नीत सरकार की प्राथमिकता में उच्च स्थान पर है।
मोदी ने इससे पहले 29-30 मई को बिहार का दौरा किया था। उन्होंने उस समय पटना हवाई अड्डे के नए विश्वस्तरीय टर्मिनल का उद्घाटन किया था और पटना में एक रोड शो किया था। प्रधानमंत्री ने इसके अलावा रोहतास जिले में एक जनसभा को संबोधित किया था और 50,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की थी।
भाजपा की बिहार इकाई के पूर्व अध्यक्ष चौधरी ने कहा, ‘‘कल सिवान की धरती पर 5,736 करोड़ रुपये की कुल 22 परियोजनाओं का तब उद्घाटन किया जाएगा, जब प्रधानमंत्री 53,666 बेघर लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के तौर पर 51,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित करेंगे। इसके अलावा, 6,684 शहरी गरीब परिवारों को उनके नए घरों की चाबी मिलेगी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री एक नयी वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जो पटना के पास पाटलिपुत्र जंक्शन और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बीच चलेगी। मोदी अमृत भारत योजना की 11 परियोजनाओं और नमामि गंगे परियोजना के तहत चार अन्य परियोजनाओं की आधारशिला रखने के अलावा नयी वैशाली-देवरिया रेलवे लाइन का भी उद्घाटन करेंगे।’’
राज्य के वित्त मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे चौधरी ने ‘‘बिहार के लिए खजाना खोलने’’ और ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास मॉडल’’ को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की प्रशंसा की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार ऐसी सरकार रही है जिसने जाति या धर्म की परवाह किए बिना गरीबों के लिए काम किया है। गरीबों के लिए पक्के मकान, मुफ्त रसोई गैस कनेक्शन और सस्ते सिलेंडर, 30 करोड़ जन धन बैंक खाते और मुफ्त राशन जैसे प्रयासों ने लोगों के जीवन को बदल दिया है।’’
चौधरी ने किसी नेता या पार्टी का नाम लिए बिना परोक्ष रूप से विपक्षी कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और वाम दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘ चूंकि राजग अपने शासन के दम पर लोगों का दिल जीतने में सक्षम है, इसलिए लोगों के शुभचिंतक होने का दावा कर रहे हमारे विरोधी घबरा रहे हैं। राज्य में अपने 51वें दौरे पर प्रधानमंत्री का स्वागत करने के बजाय, वे ऐसे बयान जारी करने में व्यस्त हैं जिनसे दुर्भावना की बू आती है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 08:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

