देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी चार नवंबर को झारखंड में दो रैलियों को संबोधित करेंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार नवंबर को चुनावी राज्य झारखंड के दौरे पर आएंगे और चाईबासा तथा गढ़वा में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यह जानकारी दी।
रांची, 30 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार नवंबर को चुनावी राज्य झारखंड के दौरे पर आएंगे और चाईबासा तथा गढ़वा में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चौहान ने यहां संवाददाताओं को बताया कि गृह मंत्री अमित शाह भी झारखंड में तीन नवंबर को तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
झारखंड के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रभारी चौहान ने कहा कि मोदी चाईबासा और गढ़वा में दो रैलियों को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि शाह दो नवंबर को रांची आएंगे और अगले दिन धालभूमगढ़, बरकट्ठा तथा सिमरिया में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे।
चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री झारखंड में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा, “झारखंड के विकास के लिए राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत है। जब तक झामुमो-कांग्रेस-(राजद) की सरकार रहेगी, राज्य की जनता खुश नहीं रह सकती।”
उन्होंने दावा किया, “झारखंड में मौजूदा शासन के दौरान विकास कार्य ठप पड़ गए और कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई। इस अवधि में राज्य में बलात्कार के 7,400 से अधिक और हत्या के 8,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए।”
उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सरकार पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए आवंटित केंद्रीय धनराशि में भ्रष्टाचार करने का भी आरोप लगाया।
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2024 06:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

