विदेश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी को त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

पोर्ट ऑफ स्पेन, चार जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुक्रवार को त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया।

पांच देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में कैरेबियाई द्वीप राष्ट्र की दो दिवसीय यात्रा पर आए मोदी को उनके वैश्विक नेतृत्व, भारतीय प्रवासियों के साथ उनके गहन जुड़ाव और कोविड-19 महामारी के दौरान उनके मानवीय प्रयासों के लिए यह सम्मान दिया गया।

मोदी ने कहा, ‘‘मैं ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित होने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से इसे स्वीकार करता हूं।’’

इस पुरस्कार की घोषणा त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने बृहस्पतिवार को की, जिन्होंने मोदी की यात्रा को साझा गौरव और ऐतिहासिक संबंध का क्षण बताया।

वर्ष 1999 के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की त्रिनिदाद एवं टोबैगो की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

मोदी घाना से यहां पहुंचे। एक दिन पहले घाना में मोदी को देश के राष्ट्रीय सम्मान ‘द ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)