विदेश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी घाना की दो दिवसीय यात्रा के बाद त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी घाना की अपनी दो दिवसीय यात्रा संपन्न करने के बाद बृहस्पतिवार को त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को समग्र साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया।
अक्रा, तीन जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी घाना की अपनी दो दिवसीय यात्रा संपन्न करने के बाद बृहस्पतिवार को त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को समग्र साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया।
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘त्रिनिदाद एवं टोबैगो के लिए रवाना हो रहा हूं। आज शाम मैं पोर्ट ऑफ स्पेन में एक सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं। कल मैं त्रिनिदाद एवं टोबैगो की संसद को संबोधित करूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कैरीबियाई क्षेत्र के एक मूल्यवान साझेदार के साथ संबंधों को और गहरा करने को लेकर आशान्वित हूं, जिसके साथ हमारे बहुत पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं।’’
यह तीन दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘घाना की ऐतिहासिक यात्रा संपन्न हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी यात्रा के अगले पड़ाव त्रिनिदाद और टोबैगो के लिए रवाना हुए।’’
घाना की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर बुधवार को यहां पहुंचे मोदी को उनकी ‘‘प्रतिष्ठित शासनकला और प्रभावशाली वैश्विक नेतृत्व’’ के लिए देश के राष्ट्रीय सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ घाना’ से सम्मानित किया गया।
घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा के साथ अपनी वार्ता के बाद मोदी ने दोहराया कि भारत अफ्रीकी राष्ट्र की विकास यात्रा में सह-यात्री है।
त्रिनिदाद और टोबैगो में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के साथ वार्ता करेंगे तथा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे। उनकी यात्रा दोनों देशों के बीच गहरे और ऐतिहासिक संबंधों को नयी गति प्रदान करेगी।
यह प्रधानमंत्री के रूप में त्रिनिदाद और टोबैगो की उनकी पहली यात्रा होगी तथा 1999 के बाद प्रधानमंत्री स्तर पर त्रिनिदाद और टोबैगो की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।
यात्रा के तीसरे चरण में मोदी चार से पांच जुलाई तक अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे।
अपनी यात्रा के चौथे चरण में मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील और यात्रा के अंतिम चरण में वह नामीबिया जाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 06:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

