प्रधानमंत्री मोदी ने म्यामां के स्टेट काउंसलर आंग सान सू क्यी से कोविड-19 पर चर्चा की
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ स्टेट काउंसलर आंग सान सू क्यी के साथ अच्छी चर्चा हुई । ’’
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को म्यामां की स्टेट काउंसलर आंग सान सू क्यी के साथ कोविड-19 के कारण उभरती स्थिति पर चर्चा की और साथ मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की ।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ स्टेट काउंसलर आंग सान सू क्यी के साथ अच्छी चर्चा हुई । ’’
उन्होंने कहा कि हमने कोविड-19 के कारण उभरती स्थिति पर चर्चा की और अपने शानदार द्विपक्षीय संबंधों और पड़ोस प्रथम की भारत की नीति की भावना के अनुरूप इस चुनौती से निपटने के लिये साथ मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की ।
विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने टेलीफोन पर सू क्यी से बातचीत की । दोनों नेताओं ने कोविड-19 से जुड़ी घरेलू और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की और अपने अपने देश में इस महामारी पर नियंत्रण के लिये उठाये गए कदमों से एक दूसरे को अवगत कराया ।
प्रधानमंत्री ने भारत की पड़ोस प्रथम नीति में म्यामां को महत्वपूर्ण स्तम्भ के रूप में रेखांकित करते हुए म्यामां को कोविड-19 के स्वास्थ्य एवं आर्थिक प्रभावों से निपटने में हरसंभव मदद की तत्परता व्यक्त की ।
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में मौजूद म्यामां के नागरिकों को अपनी सरकार के हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया ।
दोनों नेताओं ने कोविड-19 के कारण उत्पन्न मौजूदा एवं भविष्य की चुनौतियों से निपटने में साथ काम करने और एक दूसरे के साथ सम्पर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 04:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

