आगे बढ़कर नेतृत्व कर रहे हैं प्रधानमंत्री, दुनिया के सबसे बड़े राहत पैकेज की घोषणा: भाजपा
नड्डा ने 20 लाख करोड़ रूपये के विशेष आर्थिक पैकेज के लिये मोदी को धन्यवाद देते हए कहा कि यह ‘‘हमारे सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का करीब 10 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय पहल से आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होगा ।’’
नयी दिल्ली, 12 मई भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे बड़े ‘‘समग्र राहत पैकेज’’ की घोषणा की है तथा कोविड-19 के संकट के समय में वह आगे बढ़कर देश का नेतृत्व कर रहे हैं ।
नड्डा ने 20 लाख करोड़ रूपये के विशेष आर्थिक पैकेज के लिये मोदी को धन्यवाद देते हए कहा कि यह ‘‘हमारे सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का करीब 10 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय पहल से आत्मनिर्भर भारत का निर्माण होगा ।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार रात आठ बजे राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में इस पैकेज की घोषणा की है।
भाजपा अध्यक्ष ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘कोविड-19 के समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़कर देश का नेतृत्व कर रहे हैं । 21वीं सदी भारत की होगी और प्रधानमंत्री ने आज इस पर अमल की आधारशिला रखी है । ‘आत्मनिर्भर भारत’ इस नये बदलाव की दिशा में देश को आगे बढ़ाने के लिये हमारा मंत्र है ।’’
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया के सबसे बड़े समग्र राहत पैकेज की घोषणा की । मोदी सरकार ने समाज के हर वर्ग को समर्थन देने के लिये 20 लाख करोड़ रूपये के वित्तीय पैकेज की घोषणा की ।
नड्डा ने कहा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में आत्मनिर्भरता हमारा मूल मंत्र है । भूमि, श्रमिक, नकदी और कानूनी सरोकारों से जुड़े 20 लाख करोड़ रूपये के समग्र पैकेज की घोषणा के लिये मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं ।’’
उन्होंने कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम के नैतिक मूल्य पर आधारित आत्मनिर्भरता से न केवल हमें फायदा होगा बल्कि पूरी दुनिया को लाभ होगा ।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज भारत का अब तक का सबसे बड़ा पैकेज है। यह आत्मनिर्भरता का नया मंत्र है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि देश के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘‘सबका दिल जीत लिया। ’’
उन्होंने ट्वीट किया कि 20 लाख करोड़ के पैकेज के ऐलान से आत्मनिर्भर भारत ने नया संकल्प ले लिया गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘21वीं सदी भारत की सदी होगी । देश को ऊर्जा देने के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक धन्यवाद।’’
प्रधानमंत्री ने कोविड-19 के मद्देनजर लागू देशव्यापी लॉकडाउन के बीच राष्ट्र के नाम संबोधन में इस पैकेज की घोषणा की । उन्होंने यह भी कहा कि लॉकडाउन का चौथा चरण-‘‘लॉकडाउन 4’’ पूरी तरह नए रंग रूप वाला होगा, नए नियमों वाला होगा।
मोदी ने कहा, ‘‘ कोरोना संकट का सामना करते हुए, नए संकल्प के साथ मैं आज एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहा हूं। ये आर्थिक पैकेज, 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा । ’’
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

