एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | प्रधानमंत्री रोजगार मेला: जम्मू में 237 अभ्यर्थियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देशभर में आयोजित ‘रोजगार मेले’ के तहत जम्मू में एक समारोह के दौरान 237 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

देश की खबरें | प्रधानमंत्री रोजगार मेला: जम्मू में 237 अभ्यर्थियों को सौंपे गए नियुक्ति पत्र

जम्मू, 12 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए देशभर में आयोजित ‘रोजगार मेले’ के तहत जम्मू में एक समारोह के दौरान 237 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे तथा जम्मू-कश्मीर के लोगों को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी की इस क्षेत्र के लिए विशेष प्राथमिकता है।

प्रसाद ने उत्तर रेलवे के जम्मू संभाग द्वारा आयोजित रोजगार मेले के बाद संवाददाताओं से कहा, “मैं प्रधानमंत्री के ‘रोजगार मेले’ में शामिल होने आया हूं। मैं मोदी सरकार का जम्मू-कश्मीर पर अधिक ध्यान केंद्रित होते देख रहा हूं और यह उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

मंत्री ने कहा कि उन्होंने रोजगार सृजन और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय प्रोत्साहन प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए उद्योगों व आईटी विभागों के कामकाज की समीक्षा की है।

प्रसाद ने कहा, “हम स्थानीय स्तर पर निर्मित वस्तुओं के निर्यात को सुगम बनाने के लिए अलग से क्रेता-विक्रेता बैठकें आयोजित करने, स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए ‘सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क’ पर ध्यान केंद्रित करने और बेरोजगार युवाओं को पर्याप्त अवसर प्रदान करने की योजना बना रहे हैं।”

प्रधानमंत्री ने 16वें रोजगार मेले के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देश भर के 47 स्थानों पर 51,000 से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित अन्य विभागों और मंत्रालयों में नई नियुक्तियां की गयी हैं।

यह उत्तर रेलवे के जम्मू संभाग में आयोजित पहला रोजगार मेला था और इसकी घोषणा इस वर्ष की शुरुआत में की गई थी।

जम्मू के संभागीय रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने बताया कि यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री की ‘सभी के लिए रोजगार’ की प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।

कुमार ने बताया कि नवनियुक्त कर्मियों को ‘कर्मयोगी प्रारम्भ’ के माध्यम से ऑनलाइन प्रबोधन प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे सरकारी सेवा में दक्षता प्राप्त कर सकें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 08:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).