लंदन, 18 जुलाई ब्रिटेन की संसद में पेश नयी सरकारी रिपोर्ट के अनुसार देश में घरेलू आतंकवाद को लेकर प्राथमिक चुनौती इस्लामी आतंकवाद से है और अल कायदा एवं इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादी समूहों से स्पष्ट जुड़ाव व्यापक ऑनलाइन चरमपंथी प्रभावों के लिए रास्ता बना रहा है।
गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने ‘हाउस ऑफ कॉमंस’ में 'संघर्ष : आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए ब्रिटेन की रणनीति 2023' पेश की। उन्होंने विदेश में स्थित इस्लामी समूहों से देश के सामने मौजूद खतरे से संबंधित इस रिपोर्ट के निष्कर्षों पर प्रकाश डाला।
भारतीय मूल की मंत्री ब्रेवरमैन ने कहा कि उनका विभाग आतंकवादी खतरे का मुकाबला करने की खातिर अधिक चुस्त और व्यापक दृष्टिकोण अपनाने के लिए रिपोर्ट के अद्यतन संस्करण का उपयोग करेगा।
उन्होंने कहा, "2018 में रिपोर्ट का अंतिम संस्करण प्रकाशित होने के बाद से, ब्रिटेन में नौ आतंकवादी हमले हुए, जिनमें छह लोगों की मौत हुई और 20 लोग घायल हो गए। विदेश में हुए 11 आतंकवादी हमलों में ब्रिटेन के 24 नागरिक मारे गए हैं। इनमें से अधिकांश इस्लामी आतंकवादी हमले थे।”
मंत्री ने संसद को बताया कि नवीनतम रिपोर्ट में घरेलू आतंकवादी खतरे से निपटने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। इस खतरे के बारे में पूर्वानुमान लगाना, इनका पता लगाना और जांच करना थोड़ा मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि विदेश में इस्लामी समूहों की ओर से खतरा लगाातर उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में घरेलू आतंक को लेकर प्राथमिक चुनौती इस्लामी आतंकवाद से है और अल कायदा व इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादी समूहों से स्पष्ट जुड़ाव व्यापक ऑनलाइन आतंकी प्रभावों के लिए रास्ता बना रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY