देश की खबरें | पिछली सरकारों ने पंजाब को अंधकार में डुबो दिया: केजरीवाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पिछली सरकारों पर राज्य में नशे की समस्या को पनपने देकर पंजाब को अंधकार में डुबाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी की सरकार नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ रही है।

होशियारपुर, 17 मई आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पिछली सरकारों पर राज्य में नशे की समस्या को पनपने देकर पंजाब को अंधकार में डुबाने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी की सरकार नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ रही है।

केजरीवाल राज्य सरकार के अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत यहां जलालपुर में एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके केजरीवाल ने कहा, ‘‘नशे की समस्या 5-10 दिन में नहीं आती। पिछली सरकारों ने पंजाब को इस प्रकार अंधकार में डुबा दिया कि ऐसा लगता था मानों अब कोई उम्मीद नहीं बची है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन मुझे खुशी है कि ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान शुरू किया गया है...नशे के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, उनके परिसरों को ध्वस्त किया जा रहा है, उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र भी खोले जा रहे हैं।

केजरीवाल ने यह भी कहा कि लोग अपने गांवों और इलाकों को नशा मुक्त रखने की जिम्मेदारी ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रत्येक गांव को जिम्मेदारी लेनी होगी और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

केजरीवाल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पंजाब के 13,000 से अधिक गांवों में अब युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें व्यस्त रखने के लिए खेल मैदान बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक गांव में वॉलीबॉल और फुटबॉल जैसे खेलों की सुविधा के साथ-साथ जिम की सुविधाएं भी होंगी। प्रत्येक गांव में पांच सेट खेल उपकरण वितरित किए जा रहे हैं।’’

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सभा को संबोधित करते हुए नशे की समस्या को लेकर पिछली सरकारों की आलोचना की।

मान ने जलालपुर गांव के लोगों की युवाओं को नशे की लत से उबारने की पहल के लिए सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग नशे की लत से उबर चुके हैं और अब दूसरों की मदद कर रहे हैं, वे सबसे अच्छे प्रशिक्षक हैं। अगर गांव में कोई अब भी नशे की लत से जूझ रहा है तो उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने में मदद करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\