राष्ट्रपति के सचिव संजय कोठारी केंद्रीय सतर्कता आयुक्त नियुक्त, प्रभार संभाला
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में संजय कोठारी को केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के तौर पर शपथ दिलाई। समारोह में उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
नयी दिल्ली, 25 अप्रैल राष्ट्रपति के सचिव संजय कोठारी को शनिवार को केंद्रीय सतर्कता आयुक्त नियुक्त किया गया। उन्होंने यह प्रभार संभाल लिया है। भ्रष्टाचार रोधी शीर्ष निगरानी संस्था में यह पद 10 महीनों से रिक्त था।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में संजय कोठारी को केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के तौर पर शपथ दिलाई। समारोह में उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
अधिकारयिों ने बताया कि बाद में उन्होंने केंद्रीय सर्तकता आयोग (सीवीसी) के प्रमुख के रूप में प्रभार संभाल लिया।
कोठारी (63) का कार्यकाल अगले साल जून तक होगा, जब वह 65 साल की आयु पूरी कर लेंगे।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रपति भवन में आज सुबह साढ़े 10 बजे हुए एक समारोह में संजय कोठारी ने केंद्रीय सर्तकता आयुक्त के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति ने उन्हें शपथ दिलाई।’’
सीवीसी प्रमुख का पद के. वी. चौधरी का कार्यकाल पूरा होने के बाद पिछले साल जून से रिक्त था।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय चयन समिति ने फरवरी में कोठारी के नाम की अनुशंसा की थी। लेकिन उस समय कांग्रेस ने इसका विरोध किया था और केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति के लिए अपनाई प्रक्रिया को ‘‘गैरकानूनी और असंवैधानिक’’ बताया था तथा यह फैसला तत्काल रद्द करने की मांग की थी।
हालांकि, अब कोठारी की नियुक्ति के बाद सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच वाकयुद्ध बढ़ सकता है।
फरवरी महीने में कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति के लिए फिर से आवेदन आमंत्रित करते हुए नए सिरे से प्रक्रिया शुरू करने की मांग की थी।
हरियाणा कैडर के 1978 बैच के आईएएस अधिकारी कोठारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के सचिव पद से जून 2016 में सेवानिवृत्त हुए थे।
उन्हें नवंबर 2016 में लोक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) का प्रमुख नियुक्त किया गया था।
कोठारी को जुलाई 2017 में राष्ट्रपति के सचिव पद पर नामित किया गया था।
केंद्रीय सतर्कता आयुक्त की नियुक्ति राष्ट्रपति एक चयन समिति की सिफारिश पर करते हैं, जिसके अध्यक्ष प्रधानमंत्री हैं और गृह मंत्री तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता इसके सदस्य होते हैं।
सीवीसी प्रमुख का कार्यकाल चार वर्ष का या इसके मौजूदा प्रमुख के 65 वर्ष की आयु पूरी कर लेने तक होता है।
सीवीसी में केंद्रीय सतर्कता आयुक्त और दो सतर्कता आयुक्त हो सकते हैं। वर्तमान में सतर्कता आयुक्त शरद कुमार अंतरिम केंद्रीय सतर्कता आयुक्त के तौर पर काम कर रहे हैं।
कोठारी की नियुक्ति के बाद भी आयोग में सतर्कता आयुक्त का एक पद रिक्त है।
इस बीच, केंद्र सरकार ने सोमवार को राष्ट्रपति के सचिव के तौर पर कपिल देव त्रिपाठी को नियुक्त किया।
असम-मेघालय कैडर के 1980 बैच के आईएएस (सेवानिवृत्त) अधिकारी त्रिपाठी अभी पीईएसबी के अध्यक्ष हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2020 07:23 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

