राष्ट्रपति 30 प्रतिशत कम वेतन लेंगे, कोविड-19 से लड़ाई में खर्चों में कटौती की घोषणा की
राष्ट्रपति भवन द्वारा बृहस्पतिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, खर्च कम करने और सामाजिक दूरी की पाबंदी का पालन करने के लिये राष्ट्रपति के घरेलू यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों को काफी कम किया जायेगा ।
नयी दिल्ली, 14 मई राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में सरकार को सहयोग देने के लिये अपने वेतन में 30 प्रतिशत की कटौती करने सहित कई अन्य मितव्ययिता कदमों की घोषणा की ।
राष्ट्रपति भवन द्वारा बृहस्पतिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, खर्च कम करने और सामाजिक दूरी की पाबंदी का पालन करने के लिये राष्ट्रपति के घरेलू यात्रा एवं अन्य कार्यक्रमों को काफी कम किया जायेगा ।
इसमें कहा गया है कि एट होम एवं राजकीय आयोजन में भी अतिथियों की सूची को छोटा रखा जायेगा और इसमें खाद्य सामग्री, फूलों एवं साज सज्जा की वस्तुओं को भी कम किया जायेगा ।
राष्ट्रपति कोविंद ने राष्ट्रपति के उपयोग में आने वाले लिमोजिन वाहन की खरीद को भी टाल दिया है ।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि, ‘‘ ऐसे अवसरों के लिये राष्ट्रपति भवन एवं सरकार के वर्तमान संसाधनों को साझा किया जायेगा और ऐसे अवसरों के लिये उपयोग में लाया जायेगा । ’’
राष्ट्रपति भवन में मरम्मत एवं रखरखाव कार्यो को भी कम किया जायेगा जो वहां की सम्पत्ति एवं वस्तुओं को दुरूस्त रखने के लिये होता है ।
राष्ट्रपति भवन चालू वित्त वर्ष में कोई नया पूंजीगत कार्य हाथ में नहीं लेगा और केवल पहले से जारी कार्यो को पूरा किया जायेगा ।
विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यालय में उपयोग में आने वाली वस्तुओं में भी कमी लायी जायेगी । मिसाल के तौर पर, राष्ट्रपति भवन में पर्यावरण अनुकूल कार्यालय और पेपर के दुरूपयोग को कम करने के लिये ई-प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जायेगा ।
इसमें कहा गया है कि, ‘‘ ऊर्जा और ईधन को बचाने के लिये व्यवहारिक उपयोग पर जोर दिया जायेगा । ’’
राष्ट्रपति कोविंद ने राष्ट्रपति भवन को यह निर्देश कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के समय में धन एवं संसाधनों का उपयुक्त इस्तेमाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिया है ।
राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में कहा कि ऐसा अनुमान है कि इन कदमों से चालू वित्त वर्ष में राष्ट्रपति भवन के बजट का करीब 20 प्रतिशत राशि बचायी जा सकेगी ।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 05:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

