राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गैस हादसे पर दुख जताया
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक रासायनिक संयंत्र से गैस रिस कर करीब पांच किलोमीटर के दायरे में गांवों में फैल गई, जिससे कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई तथा लगभग 1,000 लोगों को सांस लेने में तकलीफ सहित अन्य दिक्कतें हो रही हैं। राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
नयी दिल्ली, सात मई आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में बृहस्पतिवार को एक रासायनिक संयंत्र से गैस रिसाव होने की घटना पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने दुख जताया और पीड़ित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आह्वान किया।
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक रासायनिक संयंत्र से गैस रिस कर करीब पांच किलोमीटर के दायरे में गांवों में फैल गई, जिससे कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई तथा लगभग 1,000 लोगों को सांस लेने में तकलीफ सहित अन्य दिक्कतें हो रही हैं। राज्य सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने घटना में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त कर बीमारों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की ।
राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘विशाखापत्तनम में एक रासायनिक संयंत्र में गैस रिसाव की घटना के समाचार से दुखी हूं जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं इस घटना में बीमार हुए लोगों के स्वस्थ्य होने और सभी की सुरक्षा की कामना करता हूं।’’
कोविंद ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि प्रशासन स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रण में लाने के लिये हरसंभव प्रयास करेगा।’’
उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक निजी कंपनी के रासायनिक संयंत्र से गैस रिसाव के कारण हुए जानमाल के नुकसान से अत्यंत व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है और बीमार हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने गैस लीक होने के बाद पैदा हुए हालात के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता की और स्थिति की समीक्षा की ।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि उन्होंने गृह मंत्रालय और एनडीएमए के अधिकारियों से स्थिति के संबंध में बात की है जो स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी की सुरक्षा और विशाखापत्तनम के लोगों के कुशलक्षेम की प्रार्थना करता हूं।’’
पीएमओ के ट्वीट के अनुसार, मोदी ने विशाखापत्तनम की स्थिति पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी से बात की और उन्हें हर तरह की मदद और समर्थन देने का आश्वासन दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गैस रिसाव को व्यथित करने वाला हादसा बताया और कहा कि केंद्र सरकार स्थित पर पैनी निगाह रख रही है।
शाह ने कहा कि वह विशाखापत्तनम के लोगों के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
गृह मंत्री ने ट्वीट किया, " विशाखापत्तनम की घटना परेशान करने वाली है। एनडीएमए के अफसरों और संबंधित अधिकारियों से बात की है। हम निरंतर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।"
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गैस रिसाव की घटना पर दुख जताते हुए पार्टी के स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं विजाग (आंध्र प्रदेश) में गैस के रिसाव के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। मैं इलाके के कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें।’’
गांधी ने कहा, ‘‘पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गैस रिसाव की घटना पर गहरा दुख प्रकट किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की हरसंभव मदद करने को कहा।
नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘विशाखापत्तनम में गैस रिसाव की त्रासदीपूर्ण घटना से बेहद दुखी हूं। मैं इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। मैं सभी की कुशलता की कामना करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से स्वास्थ्य संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन के साथ राहत कार्य में हरसंभव समन्वय स्थापित करने की अपील करता हूं।’’
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव से बात की और पुलिस महानिदेशक को हालात का जायजा लेने का निर्देश दिया है।
रेड्डी ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को पीड़ितों को जरूरी मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने यहां कहा, " मैं स्थिति पर लगातार नजर रख रहा हूं। विशाखापत्तनम में अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण घटना से सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं।"
माकपा नेता सीताराम येचुरी ने घटना गहन जांच की मांग की और हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘यह विजाग औद्योगिक दुर्घटना हमें भोपाल गैस रिसाव की त्रासदी की याद दिलाती है। मैं पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्ति करता हूं। हम घटना की गहन जांच और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजे दिये जाने की मांग करते हैं। जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 09:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

