एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू का झारखंड का तीन दिवसीय दौरा बुधवार से

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार से झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू का झारखंड का तीन दिवसीय दौरा बुधवार से

रांची, 23 मई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार से झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति अपने इस दौरे के दौरान, बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर जाएंगी, झारखंड उच्च न्यायालय के नए परिसर का उद्घाटन करेंगी, रांची में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी), रांची के दूसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और खूंटी में एक कार्यक्रम में भाग लेंगी।

राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद यह उनका राज्य का दूसरा दौरा होगा।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति एक विशेष विमान से देवघर पहुंचेंगी और बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। शाम को वह रांची में झारखंड उच्च न्यायालय के एक नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करेंगी।’’

देवघर के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति के मंदिर दर्शन को देखते हुए बुधवार सुबह छह बजे से साढ़े दस बजे तक श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा।

देवघर से वह रांची जाएंगी। रांची हवाई अड्डे से, वह बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए बिरसा चौक जाएंगी और फिर अल्बर्ट एक्का चौक जाएंगी, जहां वह लांस नायक अल्बर्ट एक्का को श्रद्धांजलि देंगी और फिर राजभवन जाएंगी।

राष्ट्रपति शाम 5 बजे धुर्वा में झारखंड उच्च न्यायालय के नए भवन का उद्घाटन करने वाली हैं। मुर्मू 25 मई को निकटवर्ती खूंटी जिले का दौरा भी करेंगी।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पच्चीस मई को राष्ट्रपति स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगी। शाम को वह आईआईआईटी-रांची के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।’’

राष्ट्रपति के स्वागत के लिए राज्य की राजधानी में होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। मुर्मू 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं।

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर देवघर, रांची और खूंटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

रांची के पुलिस अधीक्षक (नगर) सुभांशु जैन ने कहा कि शहर में 3000 पुलिस कांस्टेबल और 900 अधिकारियों को तैनात किया गया है। उच्च न्यायालय के नये भवन की सुरक्षा में करीब 400 जवानों को तैनात किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 23, 2023 09:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).