देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू बुधवार से त्रिपुरा का दो दिवसीय दौरा करेंगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार से त्रिपुरा के अपने दो दिवसीय दौरे पर कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।

अगरतला, 10 अक्टूबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार से त्रिपुरा के अपने दो दिवसीय दौरे पर कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति का बुधवार सुबह सवा 11 बजे महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम है। यह राष्ट्रपति बनने के बाद मुर्मू का त्रिपुरा का पहला दौरा होगा।

उन्होंने बताया कि इस दौरान मुर्मू अगरतला तक गुवाहाटी-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन तथा खोंगसांग (मणिपुर) तक नयी विस्टाडोम बोगी के साथ अगरतला-जिरिबाम-अगरतला जन शताब्दी को हरी झंड़ी दिखाएंगी। जन शताब्दी ट्रेन का विस्तार किया गया है।

राष्ट्रपति का पश्चिमी त्रिपुरा जिले के नरसिंहगढ़ में पुष्बंता पैलेस संग्रहालय तथा राष्ट्रीय कानून विश्वविद्यालय की नींव रखने का भी कार्यक्रम है।

राज्य सरकार की 1917 में महाराज बिरेंद्र किशोर माणक्य बहादुर द्वारा निर्मित पुष्बंता पैलेस को डिजीटल संग्रहालय में तब्दील करने की योजना है। नोबेल पुरस्कार से सम्मानित रबींद्रनाथ टैगोर त्रिपुरा के दौरे के दौरान इस महल में ठहरे थे। पुष्बंता पैलेस अप्रैल 2018 तक राज्यपाल का आधिकारिक आवास था।

मुर्मू का टाउन हॉल में अगरतला नगर निगम (एएमसी) द्वारा स्वागत किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री माणिक साहा, महापौर दीपक मजूमदार और कैबिनेट मंत्री मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति की नेताओं, गणमान्य लोगों और आम जनता से मुलाकात करने की भी योजना है।

वह 13 अक्टूबर को त्रिपुरेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए उदयपुर जाएंगी तथा करीब एक बजे गुवाहाटी के लिए रवाना होंगी।

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर अगरतला तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति के दौरे की सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए दिल्ली से एक उच्च स्तरीय सुरक्षा दल पहले ही यहां पहुंच गया है। वे राज्य पुलिस द्वारा किए गए सुरक्षा उपायों का जायजा लेने के लिए कार्यक्रम स्थलों पर गए। वे बेहतर समन्वय के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\