नयी दिल्ली, 14 नवंबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरु नानक देव की जयंती की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को लोगों को शुभकामनाएं देते हुए समाज में एकता और समानता को बढ़ावा देने के लिए सभी से उनकी शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि पहले सिख गुरु, नानक देव ने लोगों को ईमानदारी और कड़ी मेहनत करने तथा अपनी कमाई जरूरतमंदों में बांटने के लिए प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रपति ने भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों, विशेषकर सिख भाइयों और बहनों को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।
मुर्मू ने कहा, ‘‘गुरु नानक देव जी के जपजी साहिब में प्रेम, विश्वास, सत्य और त्याग पर जोर दिया गया है। उनकी शिक्षाएं हमें नैतिक नैतिकता की ओर ले जाती हैं। उन्होंने सामुदायिक रसोई की प्रथा की शुरुआत की, जिसे लंगर के नाम से जाना जाता है, और भाईचारे की वकालत की।’’
राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव ने सभी को अपने सामाजिक दायित्वों को पूरा करते हुए ज्ञान और त्याग प्राप्त करने हेतु आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘आइए, हम गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और समाज में एकता और समानता को बढ़ावा दें। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY