देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव: गुजरात में मुख्यमंत्री, विस अध्यक्ष ने किया मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए गुजरात के विधानसभा परिसर में सोमवार सुबह से मतदान जारी है। सबसे पहले मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और विधानसभा की अध्यक्ष नीमाबेन आचार्य का नाम शामिल है।
गांधीनगर, 18 जुलाई राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए गुजरात के विधानसभा परिसर में सोमवार सुबह से मतदान जारी है। सबसे पहले मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और विधानसभा की अध्यक्ष नीमाबेन आचार्य का नाम शामिल है।
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, पूर्व उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल और नेता प्रतिपक्ष सुखराम राठवा ने भी सुबह-सुबह मतदान किया।
गांधीनगर में राज्य विधानसभा परिसर में सुबह 10 बजे मतदान शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक मत पड़ेंगे।
चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच मुकाबला है।
गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में 178 विधायकों के पास ही मताधिकार है। इनमें से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 111 सदस्य, कांग्रेस के 63, भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का एक और एक निर्दलीय विधायक है।
भाजपा के विधायक एवं गुजरात के शिक्षा मंत्री जीतू वाघानी ने दावा किया कि मुर्मू को 111 से अधिक मत मिलेंगे, क्योंकि कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों भी उनके पक्ष में मतदान करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष सुखराम राठवा ने कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में मुर्मू का चयन गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा का एक बड़ा दांव है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि गुजरात में कांग्रेस का कोई विधायक ‘क्रास वोटिंग’ नहीं करेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)