देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव: शुक्रवार से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकती हैं द्रौपदी मुर्मू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकती हैं। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 30 जून राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर सकती हैं। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि मुर्मू के शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ पहुंचने की संभावना है, जहां से वह हिमाचल प्रदेश जाएंगी और राज्य के सांसदों और विधायकों से मुलाकात करेंगी। वापसी के दौरान मुर्मू हरियाणा के जनप्रतिनिधियों से समर्थन मांगेंगी।
सूत्रों ने बताया कि मुर्मू का हिमाचल प्रदेश दौरा अहम माना जा रहा है क्योंकि राज्य में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और कुछ हिस्सों में आदिवासी समुदाय के लोग रहते हैं।
इससे पहले दिन में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल से बात की और राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन मांगा।
राष्ट्रपति पद की राजग उम्मीदवार के रूप में मुर्मू द्वारा नामांकन दाखिल करने के बाद से नड्डा विभिन्न गैर-राजग दलों से फोन पर बात कर रहे हैं और उनसे मुर्मू के लिए समर्थन मांग रहे हैं।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब राजग की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के रूप में सिर्फ दो उम्मीदवार मुकाबले में रह गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)