एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय यात्रा पर ओडिशा पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश के सर्वोच्च पद पर एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुकीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को अपने गृह राज्य ओडिशा पहुंची जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।

देश की खबरें | राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय यात्रा पर ओडिशा पहुंची

भुवनेश्वर, 25 जुलाई देश के सर्वोच्च पद पर एक वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुकीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को अपने गृह राज्य ओडिशा पहुंची जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया।

लोक कलाकारों ने हवाई अड्डे पर और हवाई अड्डे से राजभवन तक जाने वाली सड़क के किनारे पर प्रस्तुतियां दीं।

राज्यपाल गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हवाई अड्डे पर मुर्मू का स्वागत किया।

राष्ट्रपति बुधवार को कटक जाएंगी और इस दौरान वह चंडी मंदिर में पूजा करेंगी और 'उत्कल गौरब' मधुसूदन दास के आवास पर जाएंगी और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी।

वह नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मस्थान और नेताजी संग्रहालय का भी दौरा करेंगी।

इसके अलावा मुर्मू का कटक में उड़ीसा उच्च न्यायालय के 75 वर्ष पूरे होने पर शुरू किए गए कार्यक्रमों के समापन समारोह में शिरकत और एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के वार्षिक समारोह को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। उसी दिन वह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, ओडिशा के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।

दिल्ली लौटने से पहले राष्ट्रपति बृहस्पतिवार को राजभवन में आदिवासी समूहों के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। वह 2023 के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के थीम ‘द ईयर ऑफ पॉजिटिव चेंज’ की शुरुआत करेंगी और भुवनेश्वर के दसाबतिया में इसके लाइटहाउस परिसर की आधारशिला भी रखेंगी।

भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त प्रतीक सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी गई है।

देश का सर्वोच्च पद संभालने के बाद से राष्ट्रपति मुर्मू की ओडिशा की यह तीसरी यात्रा होगी। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 25, 2023 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).