नयी दिल्ली, 25 दिसंबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को 15 युवा नवप्रवर्तकों के एक समूह से मुलाकात की, जिन्होंने ओडिशा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों में चल रही अपनी अभिनव परियोजनाओं का प्रदर्शन किया।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा मान्यता प्राप्त गैर-लाभकारी संगठन 1एम1बी के नेतृत्व में युवा नवप्रवर्तक आदिवासी क्षेत्रों, टियर 2 और टियर 3 शहरों के ग्रामीण समुदायों में संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) से जुड़ी महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करने के लिए स्थिरता से लेकर समावेश तक की परियोजनाओं पर काम कर रहे हैं।
इंटेलिनेक्सा परियोजना की संस्थापक तेलंगाना की 21 वर्षीय मनाल मुनीर ने ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य में कम ज्ञात स्थानों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए एआर/वीआर का उपयोग दिखाया।
दृष्टि परियोजना के संस्थापक 16 वर्षीय अनिरुद्ध चिंता ने एक सॉफ्टवेयर प्रस्तुत किया, जो ग्रामीण भारत में दृष्टिबाधित बच्चों के लिए शैक्षणिक पुस्तकों को ब्रेल में परिवर्तित करता है। इस परियोजना से वर्तमान में 8-10 गैर सरकारी संगठनों को लाभ मिल रहा है।
विजन ग्लासेस के संस्थापक आदित्य विक्रम (18), और फगुन भूटानी (14) ने अपनी परियोजना दिखाई, जो आंखों के हाव-भाव को वाणी में परिवर्तित करती है, जिससे 2,000 से अधिक मूक बधिर व्यक्तियों को संवाद करने में मदद मिलती है, जबकि द मोगली मूवमेंट की संस्थापक श्रेया मुथुकुमार (17) ने वन समुदायों को सौर लैंप प्रदान करने और उन्हें स्वच्छ ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण के बारे में शिक्षित करने की अपनी परियोजना के बारे में बात की।
1एम1बी के संस्थापक मानव सुबोध ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘हम अगली पीढ़ी के नवप्रवर्तकों को उपकरण, मार्गदर्शन और मंच प्रदान कर उन्हें सशक्त बना रहे हैं ताकि वे स्वयं से आगे बढ़कर अपने समुदायों का उत्थान कर सकें। कौशल और डिग्री मायने रखती हैं, लेकिन सामुदायिक विकास की शक्ति भी मायने रखती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के साथ आज की बैठक इन नवप्रवर्तकों की पहचान की दिशा में एक कदम है, जो भारत भर में लाखों लोगों को -शहरी और ग्रामीण - आगे बढ़ने, नेतृत्व करने और स्थायी प्रभाव पैदा करने के लिए प्रेरित करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY