खेल की खबरें | मैड्रिड विश्व कप के साथ विश्व चैंपियनशिप की तैयारी टिकीं हैं भारतीय तीरंदाजों की नजरें
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अनुभवी तरुणदीप राय और दीपिका कुमारी की मौजूदगी वाली भारतीय टीम सोमवार से तीरंदाजी विश्व कप के चौथे और अंतिम चरण में हिस्सा लेती तो उसकी नजरें साल के अंत में होने वाली विश्व चैंपियनशिप की तैयारी पर भी टिकी होगी। भारतीय टीम में चार खिलाड़ियों को पदार्पण का मौका मिलेगा।
मैड्रिड, सात जुलाई अनुभवी तरुणदीप राय और दीपिका कुमारी की मौजूदगी वाली भारतीय टीम सोमवार से तीरंदाजी विश्व कप के चौथे और अंतिम चरण में हिस्सा लेती तो उसकी नजरें साल के अंत में होने वाली विश्व चैंपियनशिप की तैयारी पर भी टिकी होगी। भारतीय टीम में चार खिलाड़ियों को पदार्पण का मौका मिलेगा।
यहां प्रतिस्पर्धा करने वाली भारतीय टीम पांच से 12 सितंबर तक कोरिया के ग्वांगजू में होने वाली विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भी भाग लेगी।
भारत का लक्ष्य 2023 बर्लिन विश्व चैंपियनशिप में जीते गए तीन खिताबों का बचाव करना होगा लेकिन इस बार मौजूदा चैंपियन ओजस देवताले और अदिति स्वामी टीम का हिस्सा नहीं है। ये दोनों ट्रायल के जरिए टीम में जगह बनाने में विफल रहे।
स्टार कंपाउंड तीरंदाज अभिषेक वर्मा और तीन साल बाद शानदार वापसी करने वाली अंताल्या 2025 विश्व कप चरण की विजेता मधुरा धामनगांवकर भी बाहर हो गईं।
तीन बार के ओलंपियन अतनु दास भी टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे।
इन अनुभवी खिलाड़ियों की जगह रिकर्व और कंपाउंड टीम में पदार्पण करने वाले चार खिलाड़ियों ने जगह बनाई हैं जिसमें तीन किशोर खिलाड़ी हैं।
महाराष्ट्र की तीरंदाज गाथा खडके (15 वर्ष) और शरवारी शेंडे (16 वर्ष) ने दीपिका कुमारी और अनुभवी अंकिता भक्त के साथ रिकर्व महिला टीम में जगह बनाई। दीपिका ने ट्रायल में शीर्ष स्थान हासिल किया।
यह टूर्नामेंट दुनिया भर के 336 प्रतिस्पर्धी तीरंदाजों को अक्टूबर में होने वाले नानजिंग विश्व कप फाइनल के लिए क्वालीफाई करने का मौका देगा।
यह राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व स्वर्ण पदक विजेता राहुल बनर्जी के लिए भी एक नया अध्याय शुरू करेगा जो कोच के रूप में अपनी पारी की शुरुआत करेंगे। उन्हें महिला टीम का नेतृत्व करने के लिए चुना गया है। उनके दो शिष्यों दीपिका और अंकिता ने टीम में जगह बनाई है।
बनर्जी ने पीटीआई से कहा, ‘‘यह मेरे लिए एक नई शुरुआत होगी और हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने की कोशिश करेंगे। लेकिन हम इसे ग्वांगजू (5-12 सितंबर) में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए अंतिम तैयारी के रूप में देख रहे हैं।’’
शरवारी और गाथा आगामी 2025 विश्व तीरंदाजी युवा चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
गाथा ने 686 अंक बनाए थे जो पुरुषों और महिलाओं के वर्ग में मिलाकर सर्वोच्च रिकर्व क्वालीफिकेशन स्कोर था। इससे बाद दीपिका ने एलिमिनेशन में उन्हें पछाड़कर अंतिम तालिका में 16.5 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
रिकर्व पुरुष टीम को अतनु की कमी खलेगी जो चार बार के ओलंपियन 41 वर्षीय तरुणदीप राय से सिर्फ 0.5 अंक से पिछड़ गए।
धीरज बोम्मादेवरा ने ट्रायल में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि नीरज चौहान और तरुणदीप टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी हैं। बीस साल के राहुल सिंह ने भी पहली बार सीनियर टीम में जगह बनाई।
एशियाई युवा चैंपियनशिप 2024 में टीम स्वर्ण और मिश्रित रजत जीतने वाले राहुल ने कहा, ‘‘जब से मैंने तीरंदाजी शुरू की है तब से मैं विश्व कप और सीनियर विश्व चैंपियनशिप खेलने का सपना देखता रहा हूं।’’
कंपाउंड पुरुष वर्ग में अमन सैनी ने शानदार वापसी करते हुए ट्रायल में शीर्ष स्थान हासिल किया और पेरिस 2022 के बाद से पहली बार विश्व कप टीम में जगह बनाई। उभरते सितारे प्रथमेश फुगे, ऋषभ यादव और प्रियांश भी कंपाउंड पुरुष टीम में शामिल हैं।
कंपाउंड महिला वर्ग में 16 वर्षीय पृथिका एशियाई खेलों की चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम और परनीत कौर के साथ शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 05:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

