देश की खबरें | कर्नाटक में सिद्धारमैया के 75वें जन्मदिन के भव्य जश्न की तैयारियां

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया का बुधवार को 75वां जन्मदिन मनाने के लिए यहां काफी तैयारियां की गई हैं।

दावणगेरे (कर्नाटक), दो अगस्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया का बुधवार को 75वां जन्मदिन मनाने के लिए यहां काफी तैयारियां की गई हैं।

पार्टी के भीतर ही इस जश्न को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि राज्य विधानसभा चुनाव से पहले एक चेहरे के तौर पर उनका प्रचार करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस भव्य ‘अमृत महोत्सव’ में शामिल होंगे। पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार सहित राज्य के कई वरिष्ठ नेता एकजुटता दिखाने के लिए कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

आयोजकों को राज्य भर से करीब 10 लाख लोगों के शामनूर पैलेस मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में आने की उम्मीद है, जिसके लिए भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्था की गई हैं।

बेलगावी से सिद्धारमैया के प्रशंसकों ने पूर्व मुख्यमंत्री की एक बड़ी ‘पिक्टोरियल बायोग्राफी’ तैयार की है, जिसका उद्घाटन कल बुधवार को सिद्धारमैया द्वारा किए जाने की संभावना है। इसके अलावा एक कन्नड़ संगीत वीडियो भी सामने आया है, जिसके बोल ‘‘सिद्धारमैया अगले मुख्यमंत्री’’ है।

सिद्धारमैया के 75वें जन्मदिन का आयोजन ‘श्री सिद्धारमैया-75 अमृत महोत्सव समिति’ द्वारा किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 10 साल पहले उन्होंने 2012 में अपने 65वें जन्मदिन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया था। सिद्धारमैया 2013 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर मुख्यमंत्री बने थे।

सिद्धारमैया ने कई बार इस बात का जिक्र किया है कि उनके परिवार या उन्हें उनकी सही जन्म तिथि पता नहीं है और पांचवी कक्षा में प्रधानाध्यापक राजप्पा ने उनकी जन्म तिथि तीन अगस्त 1947 लिख दी थी और तभी से वह उसी दिन जन्मदिन मनाते हैं।

सिद्धारमैया ने 2023 के चुनाव के बाद चुनाव ना लड़ने की बात भी कई बार कही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\