देश की खबरें | चक्रवाती 'बिपारजॉय' के मद्देनजर आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्य योजना की तैयारी : मांडविया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चक्रवाती तूफान 'बिपारजॉय' के गुजरात के कच्छ जिले की ओर बढ़ने के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि राशन और भोजन की व्यवस्था के साथ आश्रय गृह स्थापित किए जा रहे हैं वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है।

भुज, 13 जून चक्रवाती तूफान 'बिपारजॉय' के गुजरात के कच्छ जिले की ओर बढ़ने के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को कहा कि राशन और भोजन की व्यवस्था के साथ आश्रय गृह स्थापित किए जा रहे हैं वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आपात स्थिति से निपटने के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है।

मांडविया ने कहा कि बंदरगाहों पर काम करने वाले सभी मजदूरों को वहां से हटा दिया गया है, जहाजों के लंगर डाल दिए गए हैं और चालक दल के सदस्यों को भी सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

वह अभी तटीय कच्छ जिले के भुज में हैं। मांडविया के साथ गुजरात के चार अन्य केंद्रीय मंत्री बचाव कार्यों में राज्य प्रशासन की मदद एवं समन्वय के लिए विभिन्न जिलों में हैं।

मांडविया ने कहा कि चक्रवात से निपटने के लिए विभिन्न राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण है। चक्रवात के बृहस्पतिवार को कच्छ जिले में जखाऊ बंदरगाह के तट को पार करने का अनुमान है।

मंडाविया ने संवाददाताओं से कहा, "प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए शिविरों के अलावा राशन, भोजन आदि सुविधाओं के साथ आश्रय गृह स्थापित किए हैं। चिकित्सा और स्वास्थ्य आपात स्थितियों के लिए कल (सोमवार को) एक कार्ययोजना बनाई गई।"

उन्होंने कहा कि आपदाओं से निपटने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल अहम है। उन्होंने कहा, "जब सभी राज्य और केंद्रीय विभाग, प्रसारण विभाग और सेना तालमेल बिठा कर काम करते हैं, तो वे बड़ा परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। भारत अपने आपदा प्रबंधन के लिए दुनिया में जाना जाता है।"

मंडाविया ने याद किया कि पूर्वी और पश्चिमी तटों पर चक्रवातों के दौरान कुछ ही लोग हताहत हुए थे। उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि हम मिलकर इस संकट का सामना करेंगे और लोगों की जान बचाएंगे।"

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चक्रवाती तूफान को ध्यान में रखते हुए उचित (आपदा प्रबंधन) योजना तैयार की है। उन्होंने कहा, "मैं राज्य प्रशासन की मदद के लिए यहां अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ हूं।"

मांडविया ने कहा कि केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला राज्य प्रशासन की मदद के लिए देवभूमि द्वारका, दर्शना जरदोश पोरबंदर, देवूसिंह चौहान जामनगर में और महेंद्र मुंजपारा गिर सोमनाथ में हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता प्रभावित गांवों में हैं और वे स्थानीय लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now