एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | प्रवेश वर्मा ने दिल्ली चुनाव में आप शासित पंजाब की आधिकारिक मशीनरी के ‘दुरुपयोग’ का लगाया आरोप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल पर विधानसभा चुनाव में हार के डर से नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (आप) शासित पंजाब की आधिकारिक मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

देश की खबरें | प्रवेश वर्मा ने दिल्ली चुनाव में आप शासित पंजाब की आधिकारिक मशीनरी के ‘दुरुपयोग’ का लगाया आरोप

नयी दिल्ली, 21 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को अरविंद केजरीवाल पर विधानसभा चुनाव में हार के डर से नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में आम आदमी पार्टी (आप) शासित पंजाब की आधिकारिक मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वर्मा ने पंजाबियों का ‘‘अपमान’’ किया है और उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से माफी मांगने की मांग की।

नयी दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि नयी दिल्ली में ‘‘आसन्न’’ हार से हताश आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, पार्टी शासित पंजाब सरकार की मदद से, केवल दिखावे के लिए निर्वाचन क्षेत्र की झुग्गियों में चीनी सीसीटीवी कैमरे लगवा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘जल्दबाजी’’ में लगाए गए चीनी सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। वर्मा ने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब सरकार के शिक्षकों और कर्मचारियों को चुनाव प्रचार के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। ये लोग खुद को आप कार्यकर्ता बता रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि अमृतसर के रहने वाले पंजाब सरकार के दो शिक्षकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

वर्मा ने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब के पंजीकरण प्लेट वाले हजारों वाहन नयी दिल्ली में घूम रहे हैं। पंजाब सरकार के ट्रकों में पानी के डिस्पेंसर, कुर्सियां और अन्य सामान दिल्ली पहुंचाए जा रहे हैं।’’

उन्होंने निर्वाचन आयोग से दिल्ली के चुनावों में पंजाब सरकार द्वारा संसाधनों के ‘‘दुरुपयोग’’ पर तुरंत रोक लगाने का आग्रह किया।

मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दिल्ली देश की राजधानी है। यहां हर राज्य से लोग आते हैं। यहां हर प्रदेश के नंबर की गाड़ियां चलती हैं। किसी भी राज्य के नंबर की गाड़ियां देश के किसी भी हिस्से में जा सकती हैं, इस पर कोई रोक टोक नहीं है।’’

उन्होंने वर्मा के बयान के हवाला देते हुए कहा, ‘‘भाजपा का ये बयान सुनिए। ये बेहद खतरनाक, चिंताजनक और पंजाबियों के लिए अपमानजनक है। ये पंजाब के नंबर की गाड़ियों को चिन्हित करके कह रहे हैं कि दिल्ली में पंजाब की गाड़ियां क्यों घूम रही हैं?’’

मान ने कहा, ‘‘वो ऐसे कह रहे हैं जैसे पंजाबी देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। ये मेरे और देश के हर पंजाबी के लिए बेहद अपमानजनक है। आज हर पंजाबी बेहद पीड़ा और अपमान महसूस कर रहा है। अपनी गंदी राजनीति के लिए इस तरह पंजाबियों की देशभक्ति पे सवाल उठाना ठीक नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमित शाह जी, आप ना देश के सीमा को सुरक्षित रख पा रहे हैं और ना ही दिल्ली को। इतने हजारों बांग्लादेशी और रोहिंग्या पूरे देश में आ रहे हैं, आपको उनसे दिक्कत नहीं है? लेकिन पंजाब से दिल्ली आनेवाले पंजाबियों को आप देश के लिए खतरा बोल रहे हैं। आपको पंजाबियों से माफ़ी मांगनी चाहिए।’’

मान ने ‘एक्स’ पर वर्मा के संवाददाता सम्मेलन का 17 सेकंड का वीडियो क्लिप भी साझा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 22, 2025 12:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).